Thermacol House : हर पति चाहता है कि वह अपनी पत्नी को एक ऐसा तोहफा दे जिसे पाकर पत्नी की खुशी का ठिकाना ही न रहे। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है मध्य प्रदेश के ऐतिहासिक नगर बुरहानपुर में पशु चिकित्सक ने। इन्होंने अपनी पत्नी को ताजमहल तो नहीं, लेकिन ताजमहल जैसा ही एक मकान देने की कोशिश की है। मकान भी ऐसा जिसमें रहने पर सर्दी में न तो ज्यादा ठंड लगती है, गर्मी में न तो ज्यादा गर्मी लगती है। कई और सुविधाओं से लैस इस मकान को जब शिक्षक की पत्नी ने देखा तो उनके होश ही उड़ गए। ऐसा हो भी क्यों न, इस मकान का निर्माण थर्माकोल से जो हुआ है। आप भी सोच रहेंगे कि थर्माकोल से कोई भला मकान थोड़े ही बना सकता है, लेकिन ये सच है और इस मकान की चर्चा पड़ोस के जिलों में भी जोरों पर है।
कौन है मकान बनवाने वाला शख्स
थर्माकोल का मकान बनवाकर पत्नी को गिफ्ट करने वाले इस शख्स का नाम है डॉ. प्रवीण पाटिल जो कि पेशे से पशु चिकित्सक हैं। इनके पड़ोस के ही एक शिक्षक और स्कूल संचालक ने अपनी पत्नी को मकान गिफ्ट किया था जिसके बाद इन्हें भी पत्नी को मकान देने का मन हुआ। डॉ. प्रवीण का कहना है कि पहले तो उन्होंने अपने दोस्तों से मकान बनवाने को लेकर खूब चर्चा की, लेकिन कोई हल नहीं निकला। चूंकि वे मकान को थोड़ा अलग तरह से बनाना चाहते थे, इसलिए उन्होंने थर्माकोल का मकान बनाने का सोचा।
कैसे आया ये आइडिया
डॉ. प्रवीण बताते हैं कि वे काफी समय से अपनी पत्नी को तोहफा देने का मन बना रहे थे, लेकिन उसके बाद भी वे यह तय नहीं कर पा रहे थे कि क्या गिफ्ट दिया जाए। ऐसे में जब उन्होंने पड़ोस के स्कूल संचालक द्वारा उनकी पत्नी को मकान गिफ्ट करने की बात सुनी तब उन्होंने भी ऐसा ही कुछ करने का ठान लिया। वे आगे बताते हैं कि मकान को आरामदायक बनाने के लिए उन्होंने थर्माकोल का प्रयोग करने का सोचा। जिससे तापमान भी कंट्रोल में रहे और बिजली की भी बचत हो।
क्या है मकान की खासियत
बुरहानपुर शहर कर्क रेखा पर स्थित है, जहां गर्मी के मौसम में पारा 45 डिग्री के भी पार पहुंच जाता है। पशु चिकित्सक डॉ. पाटिल बताते हैं कि ये मकान उन्होंने रशियन तकनीक से बनवाया है। इस मकान में थर्माकोल का उपयोग किया गया है, जिससे गर्मी के मौसम में अधिक गर्मी न हो, सर्दी के मौसम में अधिक सर्दी न हो। इसके अलावा से ये मकान साउंड पॉल्यूशन से भी फ्री है और तो और यह मकान भूकंपरोधी भी है। आपको बता दें कि थर्माकोल से बने इस मकान को देखने के लिए बुरहानपुर समेत पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र से भी लोग पहुंच रहे हैं। डॉ. प्रवीण का दावा है कि थर्माकोल से बना हुआ से एमपी का पहला मकान है।
पत्नी ने क्या प्रतिक्रिया दी
डॉ. पाटिल कहते हैं कि मैंने बहुत सोच-विचार कर इस घर का निर्माण कराया है। इसे बनाने में कुछ परेशानी जरूर हुई, लेकिन हमने हर मुसीबत को उठाया और इसका निर्माण कराया। पूरा मकान बनाने में हमे 6 महीने लग गए। वहीं, डॉक्टर की पत्नी सोनाली प्रवीण पाटिल का कहना है कि "जब मैंने पहले देखा तो यकीन ही नहीं हुआ। हालांकि ये मकान मुझे बहुत पसंद आया, क्योंकि इसमें गर्मी में गर्मी नहीं लगती है और ठंड में बहुत ठंड नहीं महसूस होती है।" सोनाली पाटिल ने ये भी बताया है कि "इस मकान में बाहर की कोई आवाज नहीं आती है। इस गिफ्ट को देखकर ऐसा लग रहा है जैसे कोई राजा-महाराजा अपनी पत्नी को उपहार देता है।"
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
