Jharkhand: क्या झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के वरिष्ठ नेता चंपई सोरेन भाजपा में शामिल होने वाले हैं? झारखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले इस सवाल को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने खुद इन सवालों से पर्दा उठा दिया है।
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन
क्या भाजपा के होंगे चंपई?
चंपई सोरेन ने साफ कर दिया है कि वह जहां पर हैं, वहीं पर हैं... दरअसल, हेमंत सोरेन को जमानत मिलने के बाद चंपई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था और हेमंत सोरेन ने एक बार फिर से राज्य की बागडोर संभाल ली। ऐसे में पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन की भाजपा में शामिल होने की चर्चा छिड़ गई।
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, चंपई सोरेन ने भाजपा में शामिल होने की अफवाहों पर कहा कि मुझे नहीं पता है कि क्या अफवाहें फैलाई जा रही हैं। मुझे यह भी नहीं पता कि क्या खबर चल रही है, इसलिए मैं यह नहीं बता सकता कि यह सच है या नहीं। मुझे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं... हम जहां पर हैं वहीं पर हैं।
अटकलों को हवा दे रहे भाजपा नेता
चंपई सोरेन के झामुमो के कई सदस्यों के साथ पार्टी छोड़कर भाजपा में जाने की अटकलों को हवा दे रहे हैं। भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि चंपई सोरेन को जिस प्रकार से मुख्यमंत्री पद से हटाया गया, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मैंने यह बात सिर्फ रिपोर्ट्स में सुनी है। हालांकि, मेरे पास कोई प्रमाण नहीं है। वह झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में अच्छा काम कर रहे थे। सब कुछ केंद्रीय नेतृत्व पर निर्भर करता है।
