Illegal Immigrants: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी की कानून व्यवस्था और अवैध बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में अमित शाह ने कहा कि बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने में मदद करने वाले गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
'घुसपैठियों की करें पहचान'
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बने घुसपैठियों से सख्ती से निपटा जाना चाहिए; उनकी पहचान कर उन्हें निर्वासित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लगातार खराब प्रदर्शन करने वाले दिल्ली के पुलिस थानों और उपसंभागों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
अमित शाह ने कहा कि शहर में अंतरराज्यीय गिरोहों को सख्ती से खत्म करना दिल्ली पुलिस की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के मामलों में 'ऊपर से नीचे और नीचे से ऊपर तक' कार्रवाई की जानी चाहिए और ऐसे मादक पदार्थ तंत्र को खत्म किया जाना चाहिए।
घुसपैठियों पर सरकार सख्त
केंद्रीय गृहमंत्री ने बैठक में कहा कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या घुसपैठियों को देश में प्रवेश कराने, उनके दस्तावेज बनवाने और यहां रहने में मदद करने वाले पूरे नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। घुसपैठियों का मुद्दा राष्ट्रीय सुरक्षा से भी जुड़ा है और इससे सख्ती से निपटा जाना चाहिए। उनकी पहचान की जानी चाहिए और उन्हें निर्वासित किया जाना चाहिए।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली के गृह विभाग के मंत्री आशीष सूद के साथ दिल्ली पुलिस के कई बड़े अधिकारियों के साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक उच्च स्तरीय बैठक की। इस बैठक में मुख्य रूप से महिला सुरक्षा और बांग्लादेशी घुसपैठियों को लेकर चर्चा हुई। शीला दीक्षित की सरकार के बाद पहली बार केंद्रीय गृह मंत्री ने दिल्ली की मुख्यमंत्री सहित कई गृह मंत्रालय के अधिकारियों संग राष्ट्रीय राजधानी की कानून व्यवस्था पर चर्चा की।
