भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते, महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री चंदा और मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले की ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया (OFK) में कार्यरत सभी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। ये निर्णय देश भर में बढ़ती रक्षा तैयारियों के मद्देनजर लिया गया है। ऑर्डिनेंस फैक्ट्री चंदा द्वारा जारी एक सर्कुलर में स्पष्ट किया गया है कि म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (MIL) के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक के निर्देशों के तहत ये आदेश लागू किया गया है।
सर्कुलर के अनुसार, सभी प्रकार की छुट्टियां रद्द की जाती हैं, और सभी कर्मचारियों को बिना किसी देरी के ड्यूटी पर उपस्थित होना अनिवार्य है। आदेश में कहा गया है कि सभी कर्मचारियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी पर रिपोर्ट करनी होगी और इस महत्वपूर्ण अवधि के दौरान राष्ट्रीय आवश्यकताओं के अनुरूप पूरी निष्ठा से अपनी सेवाएं देनी होंगी। इसके अलावा, सर्कुलर में यह भी स्पष्ट किया गया है कि छुट्टी की अनुमति केवल अत्यंत आवश्यक परिस्थितियों में ही दी जाएगी।
छुट्टियां शुक्रवार को रद्द
जबलपुर स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया (OFK) में अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां शुक्रवार को रद्द कर दी गई हैं। OFK के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) अविनाश शंकर ने पीटीआई से फोन पर बातचीत में इस बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि इस वित्तीय वर्ष में हमारा लक्ष्य काफी बड़ा है, लेकिन अप्रैल माह में हम निर्धारित उत्पादन नहीं कर सके। इस स्थिति की भरपाई के लिए मुख्यालय से निर्देश मिले हैं कि छुट्टियां रद्द की जाएं, ताकि पर्याप्त कार्यबल और पर्यवेक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
4,000 कर्मचारी हैं कार्यरत
OFK में लगभग 4,000 कर्मचारी कार्यरत हैं, और ये म्यूनिशंस इंडिया लिमिटेड (MIL) की सबसे बड़ी इकाइयों में से एक है, जो भारतीय सशस्त्र बलों को गोला-बारूद की आपूर्ति करती है। इस फैक्ट्री में तोप के गोले, बम, रॉकेट और अन्य रक्षा सामग्रियों का निर्माण किया जाता है। विशेषज्ञों के मुताबिक इस तरह की तैयारियां देश की रक्षा उत्पादन श्रृंखला को मजबूत बनाए रखने और किसी भी आकस्मिक परिस्थिति से निपटने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उत्पादन लक्ष्यों को पूरा करने और समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति आवश्यक कर दी गई है।
