देश

जेपी नड्डा के नेतृत्व में बीजेपी आगे भी बनाएगी जीत के नए रिकॉर्ड- जयराम ठाकुर

  • Reported by: प्रेरित कुमारEdited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jan 17, 2023, 08:37 PM IST

जेपी नड्डा का बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का कार्यकाल बढ़ने पर हिमाचल के पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि जेपी नड्डा के नेतृत्व में बीजेपी आगे भी जीत के नए रिकॉर्ड बनाएगी। बीजेपी को जेपी नड्डा एक मजबूत नेतृत्व प्रदान करेंगे, जिससे चुनावों में भाजपा को फायदा होगा।

Image

जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ने पर हिमाचल के पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने दी बधाई

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा का कार्यकाल एक वर्ष बढ़ने पर बधाई दी है। उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने नड्डा के अध्यक्ष रहते कई उपलब्धियां हासिल की हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगी।

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हर हिमाचलवासी के लिए यह गर्व की बात है कि एक छोटे से पहाड़ी प्रदेश का बेटा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी का नेतृत्व कर रहा है। जयराम ठाकुर ने कहा कि जेपी नड्डा के नेतृत्व में बीजेपी नौ राज्यों में होने जा रहे विधानसभा चुनावों के साथ-साथ 2024 में होने जा रहे लोकसभा चुनावों में भी जीत हासिल करेगी।

ठाकुर ने कहा-"यह खुशी की बात है कि बेहतरीन संगठन क्षमता और सभी को साथ लेकर चलने वाले जगत प्रकाश नड्डा जी का कार्यकाल जून 2024 तक बढ़ा है। इस दौरान होने वाले नौ राज्यों के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी उनके मार्गदर्शन में जीत हासिल करेगी। इसके साथ ही 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भी पार्टी फिर जीत का रिकॉर्ड बनाएगी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में यह जीत 2019 से भी बड़ी होगी।"

बता दें कि जेपी नड्डा का अध्यक्ष पद का कार्यकाल 2024 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है। दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह ने इसकी घोषणा प्रेस कांफ्रेंस करके की है। नड्डा को बीजेपी अध्यक्ष पद की कुर्सी 2020 में मिली थी। इस साल जनवरी में उनका कार्यकाल समाप्त होने वाला था।

प्रेरित कुमार
प्रेरित कुमारauthor

मैं एक जिज्ञासु पत्रकार हूँ, जो खबरों के हर पहलू को निष्पक्षता के साथ पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में कार्य का अनुभव रखता हूँ। पत्रकारिता की दुनिया में एक दशक से सक्रिय हूँ। समाज और सच्चाई को जोड़ने वाली सार्थक पत्रकारिता में विश्वास करता हूँ।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें