पीएम आवास पर बड़ी बैठक।
MHA Meeting : पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद सुरक्षा के मोर्चे पर सरकार काफी सक्रिय हो गई है। सुरक्षा से जुड़ी लगातार बैठकें हो रही हैं। इसी क्रम में मंगलवार को दिल्ली में दो बड़ी बैठकों का आयोजन किया गया। पहली बैठक गृह मंत्रालय में शुरू हुई जिसमें अलग-अलग सुरक्षाबलों के प्रमुख शामिल होने के लिए पहुंचे। इस बैठक में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, सीमा सुरक्षा बल, असम राइफल, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के महानिदेशक और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। वहीं, थोड़ी देर बाद प्रधानमंत्री आवास पर एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। इस बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचे। पीएम आवास में चल रही बैठक में सेना, वायु सेना और नौसेना के चीफ और सीडीएस अनिल चौहान भी मौजूद रहे। पीएम आवास पर करीब डेढ़ घंटे तक यह बैठक चली।
इस बैठक से जुड़े सूत्रों ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा कि पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर आतंक विरोधी सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियानों की संवेदनशीलता को देखते हुए इस बैठक के ब्योरे की जानकारी भी गुप्त रखी गई है। बीते सोमवार को आतंकियों के ठिकानों एवं आतंकियों के मददगारों पर नकेल कसने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस ने डोडा जिले में 13 जगहों पर छापे मारे। जबकि श्रीनगर पुलिस ने शहर भर में ओवर ग्राउंड वर्कर्स के ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, "यह तलाशी जम्मू कश्मीर पुलिस के अधिकारियों की निगरानी में कार्यकारी मजिस्ट्रेट और स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में उचित कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार ली गई।" उन्होंने बताया कि श्रीनगर शहर में 36 स्थानों पर तलाशी ली गई, जिनमें से अधिकतर परिसर आतंकवादियों या आतंकवादियों से सहानुभूति रखने वालों के हैं। आतंकवाद-रोधी अभियानों के तहत सुरक्षा बलों ने घाटी में सिर्फ छह दिनों में 600 से अधिक जगहों पर छापे मारे हैं और सैकड़ों संदिग्धों से पूछताछ की है।
अधिकारियों ने 22 अप्रैल को बैसरन के हरे-भरे मैदानों में हुए हमले के बाद से संदिग्ध आतंकवादियों और आतंकी संगठनों के सक्रिय सदस्यों के नौ घरों को भी ध्वस्त कर दिया है। सूत्रों ने बताया कि पुलिस टीम ने सोमवार को डोडा और किश्तवाड़ जिलों में कई ऐसे व्यक्तियों के परिसरों की तलाशी ली, जिनके आतंकवादी समूहों और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से गतिविधियां चलाने वाले लोगों से जुड़े होने का संदेह है।
पुलिस प्रवक्ता ने श्रीनगर में कहा, "प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के आतंकवादी सहयोगियों के खिलाफ अपनी निरंतर कार्रवाई और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज मामलों की जांच को आगे बढ़ाने के लिए, श्रीनगर पुलिस जिले में आतंकवाद को समर्थन देने वाले बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के उद्देश्य से शहर में कई स्थानों पर छापेमारी जारी रखे हुए है।"
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।