देश

मॉनसून की विदाई के बीच इन राज्यों में भारी बारिश का अनुमान, आईएमडी ने जारी किया अलर्ट

मौसम की स्थिति पर आईएमडी वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा, हमारा अनुमान है कि आने वाले 48 घंटों में कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में अत्यधिक बारिश होगी। इसके लिए रेड अलर्ट भी जारी किया गया है।

Image

Monsoon

Photo : iStock

IMD Weather Alert: देश में मॉनसून की विदाई शुरू हो चुकी है और कुछ राज्यों में बारिश का दौर लगातार जारी है। मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने आज 25 सितंबर को गोवा, कोकण और महाराष्ट्र में रेड अलर्ट, गुजरात, मध्य प्रदेश, विदर्भ, कर्नाटक, असम और मेघालय में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने दिल्ली को लेकर भी बारिश का अनुमान जताया है।

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट

मौसम की स्थिति पर आईएमडी वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने कहा, हमारा अनुमान है कि आने वाले 48 घंटों में कोंकण, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में अत्यधिक बारिश होगी। इसके लिए हमने रेड अलर्ट भी जारी किया है। गुजरात में आज के लिए हमने बहुत भारी वर्षा और कल के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। दिल्ली की बात करें तो आज शाम तक हल्की बारिश हो सकती है और कल व उसके बाद भी हल्की बारिश होने का हमारा अनुमान है।

दिल्ली में बारिश का अनुमान

पिछले कई दिनों से दिल्ली में उमस भरी गर्मी का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, 25 सितंबर से दिल्ली में बारिश का दौर फिर से शुरू हो सकता है, जो 28 सितंबर तक जारी रहने की संभावना है। आईएमडी के मुताबिक, इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और न्यूनतम तापमान 23 से 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

दिल्लीवासियों की बुधवार की सुबह की शुरुआत गर्म मौसम के साथ हुई और न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत तापमान से करीब तीन डिग्री अधिक, 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने बुधवार को हल्की बारिश का अनुमान जताया है जिससे पारा गिरने तथा गर्मी कुछ कम होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा कि शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। आईएमडी की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, आर्द्रता का स्तर सुबह साढ़े आठ बजे 84 प्रतिशत दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान बढ़कर बाद में 36 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच सकता है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें