देशभर में कमजोर पड़ा मानसून; उत्तराखंड में रेड अलर्ट तो बिहार, बंगाल और पूर्वोत्तर में भारी बारिश का खतरा बढ़ा

देश के कई हिस्सों में रविवार को मानसून की रफ्तार धीमी रही, लेकिन उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित किया। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि उत्तराखंड के लिए रेड अलर्ट घोषित किया गया है।

Monsoon 2026: देश के ज्यादातर भागों में मानसून रविवार को कमजोर रहा, हालांकि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने रविवार को जारी अपने दैनिक बुलेटिन में अगले 2-3 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और बिहार में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। इसके अलावा, अगले 4-5 दिनों में पूर्वी उत्तर प्रदेश में छिटपुट स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। IMD ने अगले 6-7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम, पश्चिम-मध्य और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में मानसून के कमजोर रहने का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश के पूर्वानुमान को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन होने से दो राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 126 मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं, जबकि देहरादून में एक निर्माणाधीान भवन की दीवार ढहने से एक महिला घायल हो गई।

Monsoon 2026

मानसून 2026 का लेटेस्ट अपडेट

3 दिन से ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, स्यानाचट्टी में हुए भूस्खलन के कारण पिछले तीन दिन से ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग बंद है। हिमाचल प्रदेश में भी बारिश का दौर जारी रहा और राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। मंडी जिले के जोगिंदरनगर में शनिवार शाम से पिछले 24 घंटे में 60 मिलीमीटर बारिश हुई। मनाली में 45 मिमी, सराहन में 38.5 मिमी, रोहड़ू में 25 मिमी और शिमला में 19 मिमी बारिश दर्ज की गई। शिमला शहर की जीवनरेखा माने जाने वाले कार्ट रोड पर कुछ घंटों के लिए यातायात ठहर गया, जब हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एचपीसीसी) मुख्यालय के सामने लिफ्ट के पास सड़क पर मलबा और पेड़ गिर गया।

End of Feed