देश

Weather Forecast: घर में ही रहने में भलाई ! क्या दिल्ली, क्या यूपी, राजस्थान, पंजाब हर जगह आसमान उगल रहा आग

IMD Weather Forecast: दिल्ली सहित एनसीआर, उत्तर प्रदेश राजस्थान मध्य प्रदेश पंजाब हरियाणा में गर्मी का प्रकोप जारी है और तापमान 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है।

Image

आने वाली 25 तारीख तक इसी तरह से तापमान बना रहेगा

KEY HIGHLIGHTS
  • IMD का कहना है-आने वाली 25 तारीख तक इसी तरह से तापमान बना रहेगा
  • राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन
  • अगले 5 दिनों के लिए केरल में भारी बारिश की भविष्यवाणी

Weather Forecast For Coming Days': मौसम विभाग का कहना है कि आने वाली 25 तारीख तक इसी तरह से तापमान बना रहेगा भीषण गर्मी की स्थिति राजधानी दिल्ली में देखने को मिल रहा है दिन के वक्त तापमान 45 डिग्री से ज्यादा रहता है, इस दौरान तेज हवाओं का दौर जारी रहेगा। 24 मई तक प्रचंड लू का दौर जारी रहेगा, वहीं इस पूरे हफ्ते दिल्ली का अधिकतम तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार यानी 18 मई को इस मौसम का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया और पारा 43.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, आईएमडी ने अगले दो दिनों में दिल्ली के कई हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहने का अनुमान जताते हुए 'रेड अलर्ट' जारी किया, मुंगेशपुर में शनिवार को अधिकतम तापमान 46.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद नजफगढ़ में 46.7 डिग्री सेल्सियस, पीतमपुरा में 46.2 डिग्री सेल्सियस, पूसा में 46 डिग्री सेल्सियस, आयानगर में 45.2 डिग्री सेल्सियस और पालम में 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

19 से 21 मई के दौरान पूर्वी और मध्य भारत में हीट वेव रहेगी

19 से 21 मई के दौरान पूर्वी और मध्य भारत में हीट वेव रहेगी। मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के 19 मई के आसपास दक्षिण अंडमान सागर और दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है।

7 दिनों के पूर्वानुमान में लू के प्रकोप का किया जिक्र

दिल्ली के सफदरजंग स्थित प्रमुख मौसम विज्ञान केंद्र में अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य से तीन डिग्री अधिक है और इस मौसम में अब तक का सबसे अधिक अधिकतम तापमान है।आईएमडी ने अपने सात दिनों के पूर्वानुमान में लू के प्रकोप का उल्लेख करते हुए स्वास्थ्य की दृष्टि से कुछ विशेष लोगों के लिए अत्यधिक देखभाल का आग्रह किया। मौसम विभाग ने कहा कि भीषण गर्मी सभी उम्र के लोगों विशेषकर शिशुओं, बुजुर्गों और पुरानी बीमारियों वाले कमजोर व्यक्तियों के लिए स्वास्थ्य के मद्देनजर चिंता का विषय है।

हरियाणा और पंजाब में गंभीर हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी

वहीं मौसम विभाग ने राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में गंभीर हीटवेव को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है वहीं अगले 5 दिनों के लिए केरल में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है और 19 और 20 मई के लिए राज्य के तीन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में हीटवेव को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 21 मई के लिए नौ जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया और कहा कि उनमें से कुछ में रेड अलर्ट के समान बारिश होने की आशंका है।यह भी पूर्वानुमान व्यक्त किया गया कि 19 से 22 मई के बीच केरल में एक या दो स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका है।

मुंबई में गर्मी से तापमान 34 डिग्री

वहीं बात मुंबई की तो यहां गर्मी से तापमान 34 डिग्री है वही मौसम विभाग के मुताबिक भी 40 डिग्री से अधिक की गर्मी महसूस की जा सकती है। सरकार की एडवाइजरी के मुताबिक दोपहर 1:00 बजे से 3:00 बजे तक जरूरी काम न होने पर बाहर ना निकलने की हिदायत लोगों को दी गई है।

जूस सेंटर्स पर लोगों की भीड़

ऐसे में जूस सेंटर्स पर लोगों की भीड़ लगातार देखी जा सकती है लोगों का कहना है गर्मी से बचने के लिए अपनी सेहत बढ़ाने के लिए लगातार पानी और जूस पीकर ही अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखने की कोशिश वह कर रहे हैं गौर हो कि हाल ही में महाराष्ट्र में मार्च के महीने में 77 लोगों की मौत भीषण गर्मी की वजह से दर्ज की गई थी।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

Ravi Vaish
रवि वैश्य author

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों... और देखें

End of Article