Heat Wave Alert: भीषण गर्मी और लू की वजह से पूरे देश में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में प्रचंड गर्मी का दौर जारी है। दिल्ली के कुछ इलोकों में अधिकतम तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे इन क्षेत्रों को देश का सबसे गर्म स्थान बना दिया। इसके साथ ही राजस्थान में, हरियाणा में और पंजाब में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया।
देश में भीषण गर्मी का दौर जारी, कई स्थानों पर पारा पहुंचा 47 के पार
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में लू से भीषण लू की स्थिति जारी रहने की संभावना है। अगले तीन दिनों के दौरान पूर्वी और मध्य भारत में हीट वेव की स्थिति जारी रहने की संभावना है। IMD ने अगले चार दिनों तक मध्य प्रदेश और बिहार जैसे राज्यों में लू चलने की भी भविष्यवाणी की है। उसके बाद हल्की आंधी आ सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण छिटपुट बारिश होने की संभावना
मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि अप्रैल से लेकर पिछले कुछ दिनों तक लगातार पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर रहे थे, जिसके कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में छिटपुट बारिश हुई। इसके कारण तापमान बहुत अधिक नहीं था। मौसम विभाग के अनुसार, मई में देश भर में कई जगहों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। पंजाब और हरियाणा में भी तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के करीब है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले पाच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत और बिहार के मैदानी इलाकों में गर्मी से लेकर लू चल सकती है और 18 मई से पूर्वी और मध्य भारत में हीट वेव की स्थिति शुरू होने की संभावना है।
राजस्थान के कई जिलों में पारा 45 के पार
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, राजस्थान के अधिकांश जिलों में शुक्रवार को तेज गर्मी का दौर जारी रहा। प्रदेश के बाड़मेर एवं जैसलमेर जिलों में शुक्रवार को 47 डिग्री सेल्सियस और जैसलमेर व चूरू जिलों में 46 डिग्री सेल्सियस तक तापमान दर्ज किया गया है। बीकानेर, जोधपुर सहित एक दर्जन जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया है। श्रीगंगानगर में गु्रुवार को 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।
दक्षिण भारत में भारी बारिश की संभावना
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पंजाब में भी लू के बीच भीषण गर्मी जारी है। इस बीच पंजाब का लुधियाना सबसे गर्म रहा। यहां समराला में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। राजधानी चंडीगढ़ सहित पांच शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा। राज्य में अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग पांच डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया गया। इसी तरह, दक्षिण के राज्यों के लिए मौसम विभाग ने कहा कि अगले पांच दिनों में तमिलनाडु, केरल और दक्षिण कर्नाटक में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में 23 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश के साथ बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
