देश

RML अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, घायलों से मिले, डॉक्टरों के साथ की उच्चस्तरीय बैठक

CJP Protest Injured Students: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने RML अस्पताल पहुंचकर कॉजपा प्रदर्शन के दौरान घायल हुए लोगों का हाल जाना। डॉक्टरों के साथ बैठक कर इलाज की समीक्षा की।

Image

RML अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, घायलों से मिले, डॉक्टरों के साथ की उच्चस्तरीय बैठक

JP Nadda RML Hospital Visit: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के 'चलो संसद' मार्च के दौरान हुई भयंकर झड़प और पुलिसिया कार्रवाई के बाद केंद्र सरकार एक्शन मोड में नजर आ रही है। मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा अचानक डॉ. राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचे।

उन्होंने सोमवार को प्रदर्शन के दौरान घायल हुए छात्रों और सुरक्षाकर्मियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों के साथ आपातकालीन बैठक कर घायलों के उपचार का जायजा लिया। हालांकि, अस्पताल ने बताया कि सभी घायल प्रदर्शनकारियों को इलाज के बाद भेज दिया गया है, लेकिन एक लड़की अभी भी भर्ती है, जिसकी तबीयत बेहद खराब बताई जा रही है, जो कि वेंटीलेटर पर है। इस लड़की से मिलने अभी कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी अस्पताल जाने वाले हैं।

डॉक्टरों के साथ समीक्षा बैठक

अस्पताल परिसर में पहुंचते ही केंद्रीय मंत्री सीधे उस वार्ड में गए जहां प्रदर्शन में घायल हुए लोग भर्ती हैं। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।

इसके बाद जेपी नड्डा ने RML अस्पताल के शीर्ष डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की। मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि हिंसा में घायल हुए सभी नागरिकों और पुलिसकर्मियों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं बिना किसी देरी के मुहैया कराई जाएं। उन्होंने गंभीर रूप से घायल मरीजों की स्थिति पर चिंता व्यक्त की और डॉक्टरों से उनके इलाज की रिपोर्ट मांगी।

गौरतलब है कि NEET पेपर लीक और शिक्षा सुधारों की मांग को लेकर दिल्ली में हो रहा यह प्रदर्शन अब देशव्यापी राजनीतिक मुद्दा बन चुका है। सोमवार को CJP के प्रतिनिधिमंडल ने जेपी नड्डा से मुलाकात कर अपना मांग पत्र सौंपा था।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री का RML अस्पताल का यह दौरा ऐसे समय में हुआ है जब जंतर-मंतर पर तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। सरकार की ओर से घायलों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और स्थिति को शांत करने के कूटनीतिक प्रयास के रूप में इस कदम को देखा जा रहा है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article