देश

'वे पट्टे पर लीज बेस्ड सीएम हैं'; सिद्दारमैया ने तोड़ा देवराज उर्स का रिकॉर्ड तो कुमारस्वामी ने ले लिए मजे

सिद्दारमैया द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय डी. देवराज उर्स के रिकॉर्ड तोड़ने के दावे के बारे में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कुमारस्वामी ने सूबे के मुखिया पर तंज कसा। मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और कांग्रेस नेता खुद दावा कर रहे हैं कि वे तब तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे जब तक कि हाईकमान का आदेश है। उन्होंने कई बार बयान दिए हैं। मेरी राय में, वे लीज बेस्ड सीएम हैं।

एचडी कुमारस्वामी और सिद्दारमैया

एचडी कुमारस्वामी और सिद्दारमैया

कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्दारमैया और डीके शिवकुमार के बीच रस्साकशी लंबे समय से चली आ रही है। कई बार यह विवाद दिल्ली तक पहुंचता रहा है लेकिन सिद्दारमैया सीएम की कुर्सी पर बने हुए है। इस बीच, सिद्दारमैया ने रिकॉर्ड कार्यकाल पूरा कर र्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय डी. देवराज उर्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। जिसके बाद वे कर्नाटक के सबसे लंबे समय तक सीएम रहने वाले नेता बन गए हैं। इसी संदर्भ में बोलते हुए केंद्रीय मंत्री एचडी कुमारस्वामी ने शनिवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया पर मजाकिया टिप्पणी की है। कुमारस्वामी ने उनको पट्टे पर 'लीज बेस्ड सीएम' बताया है।

क्या बोले कुमारस्वामी?

सिद्दारमैया द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय डी. देवराज उर्स के रिकॉर्ड तोड़ने के दावे के बारे में मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कुमारस्वामी ने सूबे के मुखिया पर तंज कसा। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि लोग कह रहे हैं कि देवराज उर्स का रिकॉर्ड टूट गया है। पहले उर्स का पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी से टकराव हुआ था। वे लगातार सत्ता में रहे। सिद्दारमैया अब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के आदेश का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री सिद्दारमैया और कांग्रेस नेता खुद दावा कर रहे हैं कि वे तब तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे जब तक कि हाईकमान का आदेश है। उन्होंने कई बार बयान दिए हैं। मेरी राय में, वे लीज बेस्ड सीएम हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या उनके पास इस संबंध में कोई जानकारी है, तो कुमारस्वामी ने कहा कि उनके पास कोई जानकारी नहीं है।

जेडी(एस) हमेशा भाजपा के साथ खड़ी रहेगी

इस बीच, स्थानीय निकाय चुनावों में गठबंधन को लेकर भाजपा और जेडी(एस) के बीच उभर रहे मतभेदों के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कुमारस्वामी ने कहा कि चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि जेडी(एस) हमेशा भाजपा के साथ खड़ी रहेगी और कांग्रेस का मिलकर सामना करेगी। उन्होंने कहा कि हम किसी भी तरह की गलतफहमी की गुंजाइश नहीं छोड़ेंगे। इस संबंध में किसी को भी कोई संदेह नहीं होना चाहिए और अंततः राज्य को ही इसका लाभ मिलेगा।

एचएमटी फैक्ट्री को बंद करने की अफवाहों पर भी बोले कुमारस्वामी

सरकारी स्वामित्व वाली हिंदुस्तान मशीन टूल्स (एचएमटी) फैक्ट्री को बंद करने की अफवाहों पर एक सवाल का जवाब देते हुए, कुमारस्वामी ने स्पष्ट किया कि एचएमटी के विनिवेश का निर्णय 2016 में ही लिया जा चुका था। उन्होंने कहा कि उत्पादन छोटे पैमाने पर हो रहा है और केरल हो या हैदराबाद, कोई भी इकाई बंद नहीं हुई है।

2023 में दोबारा सीएम बने सिद्दारमैया

सिद्दारमैया कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और 2023 में कांग्रेस की जीत के बाद वे राज्य के मुख्यमंत्री बने। उन्होंने सात जनवरी को कर्नाटक के पूर्व सीएम डी देवराज उर्स के रिकॉर्ड को तोड़ दिया था। देवराज उर्स सिद्दारमैया से पहले राज्य के सबसे लंबे समय तक सीएम रहने वाले पहले नेता थे। राज्य के सीएम के रूप में देवरास उर्स ने सात साल और 239 दिन तक जिम्मेदारी निभाई थी। वहीं, अब मौजूदा सीएम सिद्दारमैया उनसे आगे निकल गए हैं। उन्होंने बीते बुधवार को सात साल और 240 दिन बतौर सीएम पूरे किए।

डीके शिवकुमार और सिद्दारमैया के बीच कुर्सी की लड़ाई

कर्नाटक में शीर्ष पद को लेकर सिद्दारमैया और शिवकुमार के बीच गतिरोध नवंबर के मध्य में तब तेज हो गया था, जब कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल का आधा समय पूरा कर लिया था। बढ़ते अंदरूनी टकराव के बीच, कांग्रेस आलाकमान ने हस्तक्षेप किया और दिसंबर में दोनों नेताओं ने नाश्ते पर मिलकर एकजुटता दिखाई। ऐसी खबरें थीं कि मई 2023 में जब कांग्रेस राज्य में सत्ता में आई थी, तब एक समझौता हुआ था कि सिद्धरमैया और शिवकुमार बारी-बारी से मुख्यमंत्री पद संभालेंगे।

डीके शिवकुमार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हैं और चुनाव में संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही। वे भी मुख्यमंत्री पद के प्रबल दावेदार थे। चुनाव के बाद कांग्रेस नेतृत्व (हाईकमान) को दोनों के बीच संतुलन बनाना पड़ा। शिवकुमार के समर्थकों का दावा है कि कांग्रेस आलाकमान ने ढाई-ढाई साल सीएम पद का वादा किया था लेकिन यह वादा पूरा नहीं किया गया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

शिव शुक्ला
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article