देश

Haryana Civic Polls Result: हरियाणा निकाय चुनाव में चली BJP की आंधी, कांग्रेस का सूपड़ा साफ, जानिए क्या रहा नतीजा

महापौर (मेयर) पदों के लिए उपलब्ध परिणामों और रुझानों के अनुसार, बीजेपी उम्मीदवारों ने अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, करनाल, रोहतक और सोनीपत में अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वियों को हराकर जोरदार जीत दर्ज की। यमुनानगर और पानीपत में बीजेपी के उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।

Image

हरियाणा निकाय चुना्व में BJP की प्रचंड जीत

Photo : PTI

Haryana Civic polls Result: हरियाणा में हाल में हुए नगर निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस का सूपड़ा साफ कर दिया है। बीजेपी ने विधानसभा चुनाव की जीत को दोहराते हुए कांग्रेस को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। मेयर की 10 सीटों में से 9 पर बीजेपी का भगवा झंडा लहराता दिख रहा है। बीजेपी के मेयर पद के उम्मीदवारों ने सात नगर निगमों में जोरदार जीत दर्ज की, जबकि दो अन्य नगर निकायों में पार्टी उम्मीदवार अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं। एक सीट पर निर्दलीय ने जीत हासिल की है।

कांग्रेस को नगर निगम चुनाव में भी बीजेपी ने धूल चटाई

साल 2024 के विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने के बाद वापसी की उम्मीद कर रही कांग्रेस को नगर निगम चुनाव में भी बीजेपी ने धूल चटा दी। सात नगर निगमों-गुरुग्राम, मानेसर, फरीदाबाद, हिसार, रोहतक, करनाल और यमुनानगर में महापौर और वार्ड सदस्यों के पदों के लिए चुनाव दो मार्च को हुए थे। अंबाला और सोनीपत नगर निगमों में महापौर पद के लिए उपचुनाव भी हुए और उसी दिन 21 नगर समितियों में अध्यक्षों और वार्ड सदस्यों के लिए चुनाव भी हुए। पानीपत नगर निगम के महापौर और 26 पार्षदों के चुनाव के लिए नौ मार्च को मतदान हुआ था।

बीजेपी ने इन सीटों पर लहराया परचम

महापौर (मेयर) पदों के लिए उपलब्ध परिणामों और रुझानों के अनुसार, बीजेपी उम्मीदवारों ने अंबाला, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, करनाल, रोहतक और सोनीपत में अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वियों को हराकर जोरदार जीत दर्ज की। यमुनानगर और पानीपत में बीजेपी के उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं। मानेसर में पहली बार नगर निगम चुनाव हुए हैं और वहां निर्दलीय उम्मीदवार इंद्रजीत यादव ने जीत हासिल की। उन्होंने भाजपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सुंदर लाल को 2,293 मतों के अंतर से हराया।

नगर निगमों में 8 मेयर बीजेपी के थे

निवर्तमान नगर निगमों में 10 में से आठ नगर निकायों में बीजेपी के महापौर थे। कांग्रेस में रह चुके निखिल मदान सोनीपत के महापौर थे। 2024 के विधानसभा चुनाव से पहले वह भाजपा में शामिल हो गए और सोनीपत विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। अंबाला नगर निगम में हरियाणा जनचेतना पार्टी की नेता शक्ति रानी शर्मा महापौर थीं। वह भी विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गईं और कालका विधानसभा सीट से जीत हासिल की। अन्य नगर निगमों में जहां मतदान हुआ, वहां भाजपा के महापौर थे।

3 लाख वोटों से जीतीं परवीन जोशी

बड़े अंतर से जीत दर्ज करने वाले महापौर उम्मीदवारों में भाजपा के फरीदाबाद से उम्मीदवार परवीन जोशी शामिल हैं, जिन्होंने तीन लाख से अधिक वोट से जीत हासिल की और गुरुग्राम से राज रानी ने 1.79 लाख से अधिक वोट से जीत हासिल की। बड़े अंतर से जीत दर्ज करने वाले अन्य उम्मीदवारों में सोनीपत से जीतने वाले भाजपा के वरिष्ठ नेता राजीव जैन और करनाल से जीतने वाली रेणु बाला गुप्ता शामिल हैं।

कांग्रेस को बड़ा झटका, नेताओं ने थामा कमल

निकाय चुनावों में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, इसे भांपते हुए चुनाव से पहले जिलों में कार्यकर्ताओं और नेताओं ने बीजेपी का दामन थाम लिया था। पार्टी की राज्य इकाई को पूर्व में भी अंदरूनी कलह और गुटबाजी का सामना करना पड़ा है, जबकि बीजेपी के पास जमीनी स्तर पर एक सुव्यवस्थित और मजबूत संगठनात्मक ढांचा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हाल में विश्वास जताया था कि भाजपा नगर निगम चुनाव जीतेगी। उन्होंने कहा था कि ट्रिपल इंजन सरकार के गठन के बाद काम तीन गुना तेजी से होगा। सैनी ने यह बात पार्टी के केंद्र, राज्य और नगर निकायों में सत्ता में होने के संदर्भ में कही थी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article