Harmanveer Singh Harman Sandhu FBI Most Wanted: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ (Tiger Shroff) पर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लेने वाले एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद लॉरेंस बिश्नोई और अन्य गैंग्स के साथ-साथ एक नए नाम ने सुर्खियां बटोरी हैं। इस वायरल पोस्ट में हरमनवीर सिंह उर्फ हरमन संधू (Harmanveer Singh alias Harman Sandhu) का नाम सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस हरकत में आ गई हैं।
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग मामले में जिस 'हरमन संधू' का नाम आया सामने, वो निकला FBI का 'मोस्ट वॉन्टेड' अपराधी, जानें- क्यों बढ़ी चिंता
आइए जानते हैं कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुख्यात और अमेरिकी जांच एजेंसी FBI के रडार पर रहा हरमनवीर सिंह आखिर कौन है और उसका आपराधिक इतिहास क्या है।
अमेरिका की संघीय जांच एजेंसी FBI ने कुछ समय पहले भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह को अपनी मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल किया था। FBI के अनुसार, हरमनवीर सिंह एक बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी गिरोह का अहम गुर्गा है, जो अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थों की अवैध सप्लाई करता था।
हरमनवीर सिंह का गिरोह
FBI के मुताबिक हरमनवीर सिंह पर कोकीन और मेथामफेटामाइन जैसे खतरनाक नशीले पदार्थों की तस्करी करने, उनकी सप्लाई की साजिश रचने और उन्हें दूसरे देशों तक पहुंचाने का आरोप है। जांच एजेंसी का कहना है कि यह गिरोह लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ड्रग्स की तस्करी में शामिल था।
FBI के अनुसार हरमनवीर सिंह कथित तौर पर 'रविंदर ढांडा ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप' का सदस्य है। यह गिरोह कनाडा के वैंकूवर से चलाया जा रहा है। आरोप है कि यह नेटवर्क अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में सक्रिय ड्रग्स तस्करों तक बड़ी मात्रा में कोकीन और मेथामफेटामाइन पहुंचाता था।
हिरासत में लिया गया था हरमनवीर
जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों के आधार पर अमेरिका की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत ने 23 जून 2026 को हरमनवीर सिंह के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया। उस पर ड्रग्स की तस्करी की साजिश, नशीले पदार्थों के निर्यात की साजिश और बिक्री के इरादे से ड्रग्स रखने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जिसके कुछ दिन बाद ही उसे हिरासत में ले लिया गया था।
FBI ने बताया है कि हरमनवीर सिंह हरी गौतम और हरमन संधू नाम से भी पहचान छिपाकर काम करता था। एजेंसी के रिकॉर्ड के अनुसार उसकी जन्मतिथि 26 सितंबर 1994 है। वह भारतीय नागरिक है, उसकी लंबाई करीब 5 फीट 7 इंच, वजन लगभग 190 पाउंड है और उसके बाल व आंखें काले रंग के हैं।
कैसे हरमनवीर सिंह उर्फ हरमन संधू का आया नाम?
गोलीबारी की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने लेने का दावा किया है। अनिल पंडित अनमोल बिश्नोई नाम के फेसबुक अकाउंट से एक पोस्ट किया गया, जिसमें टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली गई। पोस्ट में दावा किया गया कि टाइगर श्रॉफ को पहले फोन करके समझाने की कोशिश की गई थी, लेकिन बात नहीं मानने पर उन पर हमला किया गया। पोस्ट में मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के उन लोगों को भी धमकी दी गई, जो उनकी बात नहीं सुनेंगे या सलमान खान के साथ काम करेंगे। इसी में अनिल पंडित ने अपने साथ हरमनवीर सिंह उर्फ हरमन संधू के भी होने की बात कही।
