Morbi cable bridge collapse eyewitnesses: गुजरात के मोरबी में माच्छू नदी पर संडे शाम करीब एक सदी पुराना एक केबल पुल टूट जाने से कम से कम 134 लोगों की मौत हो गई। पुल पर खड़े कई लोग नदी में गिर गए। बताया जा रहा है कि हाल ही में मरम्मत के बाद जनता के लिए फिर से खोला गया पुल टूट गया क्योंकि उक्त पुल उस पर खड़े लोगों का भार सहन नहीं कर सका।
गौर हो कि पीएम मोदी मंगलवार को मोरबी जाएंगे। हालांकि आज यानि कि सोमवार को भी वो गुजरात में ही है, जहां पहले से तय कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। इसी दौरे के तहत वो बनासकांठा पहुंचे, जहां उन्हें कई योजनाओं की नींव रखनी थी। यहां एक कार्यक्रम को संबोधित भी करना था। इसी संबोधन के दौरान पीएम मोदी भावुक दिखे।
वहीं मोरबी हादसे के दो चश्मदीदों अमित पटेल और सुकराम का कहना है कि जब यह ढहा तो लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े, दिवाली की छुट्टियों और वीकेंड को देखते हुए यहां कई लोग आए; यह एक पर्यटक के अनुकूल जगह है, उन्होंने कहा कि हादसा संभवत: पुल पर भारी भीड़ के कारण हुआ।
'पुल गिरने के चलते लोग एक दूसरे के ऊपर गिर पड़े'
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि अंग्रेजों के समय के ‘‘हैंगिंग ब्रिज’’ पर उस समय कई महिलाएं और बच्चे थे, जब वह टूट गया। इससे लोग नीचे पानी में गिर गए।
एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कुछ लोगों को पुल पर कूदते और उसके बड़े तारों को खींचते हुए देखा गया। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि पुल उस पर "लोगों की भारी भीड़" के कारण टूट कर गिर गया हो। उन्होंने बताया कि पुल गिरने के चलते लोग एक दूसरे के ऊपर गिर पड़े।
प्रमुख पर्यटक आकर्षण पुल पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी हुई थी
दीपावली की छुट्टी और रविवार होने के कारण प्रमुख पर्यटक आकर्षण पुल पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी हुई थी। एक निजी संचालक ने लगभग छह महीने तक पुल की मरम्मत का काम किया था। पुल को 26 अक्टूबर को गुजराती नववर्ष दिवस पर जनता के लिए फिर से खोला गया था।
पुल को हाल में ही लोगों के लिए फिर से खोला गया था
करवाल ने कहा कि टीम में वरिष्ठ अधिकारी और बचावकर्मी शामिल हैं तथा वे अपने साथ जरूरी उपकरण ले जा रहे हैं।स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि मच्छु नदी पर स्थित करीब एक सदी पुराना यह केबल पुल आज शाम टूट गया। अधिकारियों ने बताया कि पुल की मरम्मत के बाद हाल में ही इसे लोगों के लिए फिर से खोला गया था।
बचाव अभियान के लिए दल तत्काल तैनात करने को कहा है
वहीं पीएमओ ने ट्वीट करके कहा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी में दुर्घटना में जान गंवाने वालों में से प्रत्येक के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मोरबी में हुई दुर्घटना के संबंध में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और अन्य अधिकारियों से बात की। उन्होंने बचाव अभियान के लिए दल तत्काल तैनात करने को कहा है।'इसमें कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने और प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करने को कहा है।
