देश

कनाडा में गुजरात की छात्रा की हत्या;विधि मेघा पर नियाग्रा में चाकू से ताबड़तोड़ हमला; 16 दिन बाद घरवालों को मिली जानकारी

कनाडा में गुजरात की एक छात्रा की हत्या का मामला सामने आया है। 15 मई को अज्ञात हमलावर ने विधि पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया था, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। फिलहाल कनाडाई पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।

Image

कनाडा में भारतीय छात्रा की हत्या।

कनाडा में एक बार फिर भारतीय छात्र की हत्या का मामला सामने आया है। गुजरात के आणंद जिले के बोरसद की रहने वाली 22 वर्षीय छात्रा विधि मेघा की कनाडा के नियाग्रा इलाके में चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस घटना ने एक बार फिर विदेशों में पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, विधि मेघा करीब चार साल पहले बेहतर भविष्य और पढ़ाई के सपनों के साथ कनाडा गई थी। वहां वह पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट टाइम नौकरी भी कर रही थी और स्थायी नागरिकता यानी PR के लिए तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि 15 मई को अज्ञात हमलावर ने विधि पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया। विधि ने खुद को बचाने की कोशिश भी की, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। कनाडाई पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अब तक हत्या के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है।

परिवार के मुताबिक, घटना की जानकारी उन्हें करीब 16 दिन बाद पुलिस के जरिए मिली। यह खबर सुनते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बोरसद स्थित घर में माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

विधि की मां ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी को बड़े प्यार से पाला था और अब उसका शव भी घर नहीं पहुंचा है। वहीं पिता कल्पेशभाई मेघा ने बताया कि 14 मई को उनकी आखिरी बार बेटी से बात हुई थी। इसके बाद केवल मैसेज पर संपर्क हो रहा था। घटना के बाद जब भी उन्होंने विधि को मैसेज किया, वे डिलीवर नहीं हुए।

परिवार के अनुसार, विधि हर 10 दिन में परिवार से वीडियो कॉल या फोन पर बात करती थी। घटना से लगभग 10 दिन पहले ही वह कनाडा के हेमिस्टन से सेंट कैथरीन इलाके में शिफ्ट हुई थी। 14 मई को उसने परिवार को PR के लिए आवेदन करने की बात भी बताई थी। परिवार का आरोप है कि विधि की हत्या लूट के इरादे से की गई हो सकती है। फिलहाल परिवार भारत सरकार और गुजरात सरकार से शव को जल्द भारत लाने में मदद की मांग कर रहा है।

विधि की मौसी ने सरकार से अपील करते हुए कहा कि उनकी बेटी का शव जल्द से जल्द भारत पहुंचाया जाए ताकि परिवार अंतिम दर्शन कर सके। घटना की जानकारी मिलने के बाद गुजरात सरकार में मंत्री और बोरसद के विधायक रमन सोलंकी परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि सरकार शव को जल्द भारत लाने की प्रक्रिया में हर संभव मदद करेगी।

कनाडाई पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी की तलाश की जा रही है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर कनाडा में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानिया author

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम... और देखें

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!