Gujarat Infiltrators: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई वाले बयान के पांच दिन बाद गुजरात में बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। राज्यभर में चल रहे अभियान के तहत अहमदाबाद में पुलिस और क्राइम ब्रांच ने व्यापक कार्रवाई करते हुए 290 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर जांच की।
जांच के दौरान 166 लोगों के बांग्लादेशी नागरिक होने की पुष्टि हुई है। इनमें 41 पुरुष, 95 महिलाएं और 30 बच्चे शामिल हैं। सभी को आगे की कानूनी प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन के लिए हिरासत में रखा गया है।
कोलकाता और बांग्लादेश का एंगल
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि इनमें से कई लोग अहमदाबाद में मजदूरी और अन्य काम करके कमाए गए पैसे आंगड़िया नेटवर्क के माध्यम से कोलकाता भेजते थे, जहां से रकम बांग्लादेश पहुंचाई जाती थी। कुछ मामलों में मोबाइल एप्लिकेशन और डिजिटल माध्यमों से भी पैसे भेजे जाने की जानकारी मिली है।
क्राइम ब्रांच, एसओजी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने चंडोला, गुलाबनगर, दाणीलीमडा, वटवा, रामोल, ओढव, निकोल और नरोडा समेत कई इलाकों में एक साथ सर्च ऑपरेशन चलाया। अधिकारियों के मुताबिक, पहले की कार्रवाई के बाद कई संदिग्ध लोग शहर के अलग-अलग हिस्सों में फैल गए थे और किराये के मकानों, झुग्गी बस्तियों, होटलों, श्रमिक आवासों तथा व्यावसायिक परिसरों में पहचान बदलकर रह रहे थे।
स्पा सेंटरों में विदेशी युवतियां कार्यरत
ओढव स्थित क्रिस्टल कॉम्प्लेक्स के कुछ स्पा सेंटर भी जांच एजेंसियों के रडार पर आए। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ स्पा सेंटरों में विदेशी युवतियां कार्यरत हैं और उनके दस्तावेजों को लेकर संदेह है। कार्रवाई के दौरान एक स्पा संचालक कथित रूप से मौके से फरार हो गया, जबकि कुछ युवतियों ने खिड़कियों के रास्ते बाहर निकलने की कोशिश की।
पुलिस अब पकड़े गए सभी लोगों के दस्तावेज, भारत में प्रवेश के तरीके, स्थानीय संपर्कों और आर्थिक लेन-देन की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों और उन्हें संरक्षण देने वाले लोगों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
