Rajkot Latest News: गुजरात में राजकोट शहर के पास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (27 जुलाई, 2023) को एक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। उन्होंने इसके उद्घाटन के बाद अधिकारियों से इसके तकनीकी पहलुओं को जाना समझा, जबकि पीएम ने अक्टूबर 2017 में इस हवाई अड्डे का शिलान्यास किया था। उन्होंने कहा- आज जब देश आगे बढ़ रहा है तो कुछ लोगों को परेशानी हो रही है। आज कल इन भ्रष्टाचारियों और परिवारवादियों ने अपनी जमात का नाम बदल दिया। चेहरे वही पुराने हैं, पाप भी पुराने हैं, तौर-तरीके और इरादे वही हैं...बस नाम बदल दिया है।
"यह नई ऊर्जा-नई उड़ान देने वाला पावरहाउस भी"
बकौल मोदी, "मैं जब मुख्यमंत्री था तब मैंने कहा था कि गुजरात तो मिनी जापान बन रहा है तब बहुत सारे लोगों ने मेरा मजाक उड़ाया था, पर आज वे शब्द आपने सच कर के दिखा दिए। यहां के किसानों के लिए अब फल-सब्ज़ियों को विदेश भेजना आसान हो जाएगा। राजकोट को सिर्फ एक हवाईअड्डा नहीं बल्कि नई ऊर्जा-नई उड़ान देने वाला एक पावरहाउस मिला है।"
बाढ़ पीड़ितों को लेकर कही यह बात
बारिश और बाढ़ से मची आफत को लेकर वह बोले- आज राजकोट के साथ पूरे गुजरात और सौराष्ट्र के लिए बड़ा दिन है। मैं उन परिवारों के प्रति संवेदना जताना चाहता हूं जिन्हें प्राकृतिक आपदाओं के चलते काफी नुकसान उठाना पड़ा है। सभी परिवारों का जीवन जल्द से जल्द सामान्य हो, इसके लिए भूपेंद्र सरकार काम कर रही है। केंद्र सरकार भी इसमें हर संभव मदद कर रही है।
