देश

बसंत पंचमी पर महाकुंभ में अमृत स्नान जारी, लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई डुबकी, पल-पल का अपडेट लेते रहे सीएम योगी

बसंत पंचमी पर महा कुंभ में पवित्र अमृत स्नान जारी है। इस बार सुचारू और परेशानी मुक्त अमृत स्नान सुनिश्चित करने के लिए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए कई इंतजाम किए गए हैं।

Image

महा कुंभ में अमृत स्नान

Photo : ANI

Grand Amrit Snan at Maha Kumbh: सोमवार को महाकुंभ में बसंत पंचमी के अवसर पर लाखों भक्तों, संतों, साधुओं और अखाड़ों ने अमृत स्नान में भाग लिया। भोर होते ही विभिन्न अखाड़ों ने अपने महामंडलेश्वरों के नेतृत्व में त्रिवेणी संगम की ओर अपनी यात्रा शुरू की और सुबह लगभग 5 बजे अमृत स्नान किया। अंतिम पवित्र स्नान के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शून्य त्रुटि निर्देश का पालन करते हुए अमृत स्नान का इंतजाम किया गया। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए यहां चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के इंतजाम हैं।

पवित्र डुबकी का सिलसिला जारी

परंपरा का पालन करते हुए तीन संप्रदायों - संन्यासी, बैरागी और उदासीन के अखाड़े पूर्व निर्धारित क्रम में पवित्र डुबकी लगा रहे हैं, पहला समूह पहले से ही गंगा, यमुना और पौराणिक सरस्वती के पवित्र संगम में डुबकी लगा रहा है। महाकुंभ में अब तक 33 करोड़ से अधिक श्रद्धालु डुबकी लगा चुके हैं और उत्तर प्रदेश सरकार को अकेले सोमवार को लगभग पांच करोड़ तीर्थयात्रियों के आने की उम्मीद है।

पल-पल का अपडेट लेते रहे सीएम योगी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बसंत पंचमी के पावन अवसर पर अमृत स्नान की व्यवस्था की निगरानी के लिए प्रातः साढ़े तीन बजे से अपने सरकारी आवास स्थित वॉर रूम में बैठक की। उन्होंने डीजीपी, प्रमुख सचिव गृह और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों के साथ लगातार अपडेट प्राप्त किए और आवश्यक निर्देश दिए।

वॉर रूम में मुख्यमंत्री की सक्रिय निगरानी

मुख्यमंत्री ने इस महत्वपूर्ण आयोजन की सुरक्षा और व्यवस्था के संदर्भ में पूरी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की कोई भी असुविधा न हो और सभी श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा प्रदान की जाए।

अधिकारियों को निर्देश

योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्नान स्थल पर पूरी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें और श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक इंतजाम पूरे करें। साथ ही, उन्होंने आस्था के इस महान पर्व पर प्रशासन की तत्परता को बढ़ाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर ध्यान केंद्रित किया, ताकि हजारों श्रद्धालुओं को बिना किसी समस्या के संगम में स्नान का लाभ मिल सके।

महाकुंभ मेले के सुचारू संचालन की निगरानी के लिए सरकार ने दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को भी तैनात किया है, जो 2019 अर्ध कुंभ का सफलतापूर्वक संचालन करने वाली टीम का हिस्सा थे। आशीष गोयल और भानु चंद्र गोस्वामी के पास प्रयागराज में प्रशासन का व्यावहारिक अनुभव है। इन दोनों अधिकारी 2019 अर्ध कुंभ के दौरान भीड़ प्रबंधन और एजेंसियों के बीच समन्वय को बखूबी संभाला था। दोनों मेला अधिकारी विजय किरण आनंद के साथ जुड़ गए, जो छह साल पहले के अर्धकुंभ मेले की तिकड़ी का हिस्सा थे। मेला क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण उपायों की निगरानी खुद अपर पुलिस महानिदेशक भानु भास्कर कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री योगी पहुंचे प्रयागराज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को घटना के बाद पहली बार प्रयागराज पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया और अस्पतालों में जाकर घायलों का हालचाल लिया था। उन्होंने बसंत पंचमी स्नान की तैयारियों के संबंध में एक समीक्षा बैठक में अधिकारियों को अमृत स्नान को बिना किसी गलती के सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सुचारू और परेशानी मुक्त 'अमृत स्नान' सुनिश्चित करने के लिए किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के लिए, महाकुंभ में काम करने वाले सभी विभाग 'कुंभ कमांड एंड कंट्रोल सेंटर' में एक साथ काम कर रहे हैं।

कमांड सेंटर महाकुंभ के सभी 25 सेक्टरों की निगरानी कर रहा है, 30 पोंटून पुलों और प्रमुख बैरिकेडिंग जोन की देखरेख कर रहा है। शहर और मेला क्षेत्र दोनों की निगरानी के लिए 3,000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों का उपयोग किया जा रहा है।

भगदड़ में हुई थी 30 मौतें

29 जनवरी को मौनी अमावस्या स्नान के दौरान संगम नोज पर भगदड़ मचने से 30 लोगों की मौत हो गई और 60 घायल हो गए थे। पुलिस ने कहा कि भारी भीड़ के कारण, भक्तों ने जगह के लिए धक्का-मुक्की की, जिससे एक बैरियर टूट गया, जिससे भगदड़ मची थी अमृत स्नान की तारीखों के अलावा, तीन अन्य प्रमुख स्नान तिथियां हैं जिनमें से एक 13 जनवरी (पौष पूर्णिमा) थी, जबकि दो अन्य 12 फरवरी (माघी पूर्णिमा) और 26 (महाशिवरात्रि) हैं, जब स्नान का समापन भी होगा। भक्तों का मानना है कि ऐसे विशेष खगोलीय घटना के दौरान डुबकी लगाने से उनके पाप धुल जाते हैं और मोक्ष या मुक्ति का मार्ग प्रशस्त होता है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article