HMPV Virus In India: गुजरात के साबरकांठा जिले में आठ वर्षीय एक लड़के के ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इससे राज्य में एचएमपीवी मामलों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। यह जानकारी शुक्रवार को एक अधिकारी ने दी। अधिकारी ने बताया कि प्रांतिज तालुका के खेतिहर मजदूर परिवार से ताल्लुक रखने वाला यह लड़का एक निजी प्रयोगशाला द्वारा किए गए परीक्षण में एचएमपीवी से संक्रमित पाया गया था, लेकिन स्वास्थ्य अधिकारियों ने पुष्टि के लिए उसके रक्त के नमूने एक सरकारी प्रयोगशाला भेजे थे।
बच्चा निजी अस्पताल में भर्ती
बच्चा वर्तमान में हिम्मतनगर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती है। इस मामले को अब तक संदिग्ध एचएमपीवी मामला माना जा रहा था। साबरकांठा जिलाधिकारी रतनकंवर ने कहा सरकारी प्रयोगशाला ने शुक्रवार को पुष्टि की कि लड़का एचएमपीवी से संक्रमित है। फिलहाल उसका इलाज हो रहा है और उसकी हालत स्थिर है। अस्पताल के डॉक्टरों ने संवाददाताओं को बताया कि लड़का वेंटिलेटर पर है।
गुजरात में एचएमपीवी का पहला मामला 6 जनवरी को तब दर्ज किया गया था जब राजस्थान से संबंध रखने वाला दो महीने का एक शिशु इस बीमारी से पीड़ित पाया गया। उसे बुखार, नाक बंद होना, नाक बहना और खांसी जैसे लक्षण थे। यहां एक अस्पताल में इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। बृहस्पतिवार को अहमदाबाद शहर में 80 वर्षीय एक व्यक्ति के संबंधित वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। अस्थमा से पीड़ित मरीज फिलहाल एक निजी अस्पताल में भर्ती है।
चीन से भारत आया वायरस
चीन में ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस (HMPV) बहुत तेजी से फैल रहा है। यह वायरस अब धीरे-धीरे भारत में भी पैर पसारने लगा है। भारत के कई राज्यों में ह्यूमन मेटान्यूमो वायरस के मामले सामने आए हैं। गुजरात से पहले बेंगलुरू और नागपुर में भी ह्यूमन मेटान्यूमोवायरस (HMPV) के मामले सामने आ चुके हैं।
क्या है HMPV वायरस?
HMPV एक सांस संबंधी वायरस है, जो सर्दी, खांसी और सांस लेने में तकलीफ जैसे लक्षण पैदा करता है। यह वायरस हवा के माध्यम से या संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से फैलता है। यह वायरस सभी उम्र के लोगों को प्रभावित कर सकता है, लेकिन छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में यह अधिक गंभीर हो सकता है।
