Winter session: संसद का शीतकालीन सत्र 15 दिसंबर से शुरू हो जाएगा, सरकार के सूत्रों ने इसके संकेत दिए हैं। इसके लिए सरकार दो तारीखों पर विचार कर रही है। एक तारीख 29 नवंबर है और दूसरी छह दिसंबर। सरकार इन दोनों तारीखों पर विचार कर रही है। इनमें से किसी एक तारीक पर मुहर लगने वाली है। 25 नवंबर को केंद्रीय कैबिनेट की बैठक भी हुई जिसमें शीतकालीन सत्र बुलाए जाने के बारे में चर्चा हुई। खास बात यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवधि में मंत्रियों को विदेश दौरे पर न जाने के निर्देश भी दिए हैं।
15 दिसंबर से पहले हो सकती है शीतकालीन सत्र की शुरुआत।
25 नवंबर के आस-पास होती है सत्र की शुरुआत
शीतकालीन सत्र नहीं बुलाए जाने को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। आम तौर पर संसद के शीतकालीन सत्र की शुरुआत 25 नवंबर के आस-पास हो जाती है और यह 25 दिसंबर यानी क्रिसमस तक चलता है। विपक्ष लगातार सवाल कर रहा है कि मानसून सत्र के सत्रावसान के 104 दिन हो गए हैं लेकिन सरकार ने इसे राष्ट्रपति से मंजूरी नहीं दिलाई है।
मंत्रियों को विदेश यात्रा पर न जाने की सलाह
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों को 15 दिसंबर से पहले संसद के अगले सत्र की तैयारियां पूरी करने का सुझाव दिया है। उन्होंने मंत्रियों को सत्र से पहले विदेश यात्रा नहीं करने की सलाह भी दी है। इससे संकेत मिलता है कि सरकार चाहती है कि मंत्री इस दौरान उपलब्ध रहें। मामले से अवगत सूत्रों ने बताया कि बुधवार को मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में संसद के अगले सत्र का मुद्दा भी उठा। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने 15 दिसंबर से पहले संसद का सत्र बुलाने का संकेत दिया। उन्होंने कहा कि संसदीय मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति सत्र शुरू होने की तारीख और उसकी अवधि को अंतिम रूप देगी।
सदन का सत्रावसान नहीं हुआ
विपक्षी दलों ने कहा है कि मानसून सत्र स्थगित हुए 100 से अधिक दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सदन का सत्रावसान नहीं किया गया है। इस देरी से संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं। यह चर्चा खास तौर पर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन के संदर्भ में हो रही है। संसद का अगला सत्र 15 दिसंबर से पहले होने की संभावना के बीच सबकी नजर इस बात पर है कि क्या सरकार परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक को पेश करेगी। हालांकि, इस महत्वपूर्ण संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी संख्या जुटाना सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है।वर्तमान 543 सदस्यीय लोकसभा में इस विधेयक को पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 361 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता होगी। तीन सीट रिक्त होने के कारण लोकसभा में फिलहाल 540 सदस्य हैं।
