Times Now Summit 2024 : शराब नीति घोटाले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत में हैं। वह ईडी की हिरासत से कथित रूप से सरकार चलाने के लिए आदेश दे रहे हैं। हिरासत से ही सरकार चलाने के ऐसे दो आदेश सामने आए हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) का कहना है कि दिल्ली की सरकार जेल से चलेगी। जेल से सरकार चलाने के AAP के दावे पर उप राज्यपाल वीके सक्सेना ने टाइम्स नाउ समिट 2024 में बुधवार को बड़ी बात कही। टाइम्स नाउ एवं टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर इन चीफ नाविका कुमार ने जब यह पूछा कि क्या दिल्ली की सरकार जेल से चलेगी? इस सवाल पर एलजी ने कहा कि 'मैं लोगों को भरोसा देता हूं कि दिल्ली की सरकार जेल से नहीं चलेगी।'
कार्यक्रम के पहले दिन एलजी ने देश में हर क्षेत्र में हो रही तरक्की का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकास कर रहा है। विकास की यह यात्रा आगे बढ़ती रहेगी। भारत को अब रोका नहीं जा सकता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उप राज्यपाल ने कहा कि पीएम देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने पर काम कर रहे हैं। एलजी ने जन धन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि देश में इसके तहत 50 करोड़ बैंक खाते खुले और 50 करोड़ से ज्यादा लोगों के पास अपने मोबाइल फोन हैं।
एलजी ने आगे कहा कि आज दुनिया देख रही है कि सड़क पर कैसे लोग मोबाइल से कारोबार कर रहे हैं। पूर्व पीएम एवं दिवंगत राजीव गांधी की बात पुरानी हो गई है। मोदी सरकार में अब हर पैसा गरीबों तक पहुंचता है। देश के हर कोने में एयरपोर्ट बन रहे हैं। आज हमारे पास 108 एयरपोर्ट हैं। देश के कोने-कोने में एक्सप्रेसवे का जाल बिछ रहा है। पीएम गतिशक्ति योजना देश के विकास के इंजन के रूप में काम कर रही है। आज सबसे बड़ा स्टार्टअप इको सिस्टम भारत में मौजूद है। एलजी ने कहा कि देश के युवा, देश की संपत्ति हैं।
उपराज्यपाल ने कहा कि आज देश में इलेक्ट्रिक बसें और कारें बन रही हैं। बुनियादी संरचना के विकास में भारत चोटी के देशों में शामिल हो चुका है। दिल्ली को ग्लोबल बनाने की कोशिशें जारी हैं। आज दिल्ली में दो बड़े कंवेंशन हॉल (यशोभूमि और भारतमंडपम) हैं, जो विश्वस्तरीय हैं। दिल्ली मेट्रो ने शहर में ट्रांसपोर्ट की सूरत बदल दी है। डीडीए नरेला में एजुकेशन सिटी बनाएगा। आने वाले समय में राजधानी में ऐसा विकास होगा कि आपको लगेगा नहीं कि आप दिल्ली में हैं।
