Odisha Train Accident: ओडिशा में एक मालगाड़ी पटरी से उतर गई है। यह हादसा शुक्रवार की रात हुआ। मिली जानकारी के अनुसार कल रात करीब साढ़े आठ बजे रायपुर की ओर जा रही एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे रेलवे स्टेशन के पास टिटिलागढ़ यार्ड में पटरी से उतर गए। एक वैगन आंशिक रूप से रेल पटरी के किनारे पर चढ़ गया, जबकि दो अन्य पूरी तरह से पटरी से उतर गए। संबलपुर के डीआरएम समेत ईस्ट कोस्ट रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे और डिब्बों को वापस पटरी पर लाने में जुट गए।
क्या बोले संबलपुर डीआरएम
ओडिशा में मालगाड़ी के पटरी से उतरे की घटना पर संबलपुर डीआरएम तुषारकांत पांडे ने बताया- "इन वैगनों में लाल मिट्टी भरी हुई थी और इन्हें सीमेंट प्लांट ले जाया जा रहा था। लाइन 8 से निकलते समय तीन वैगन पटरी से उतर गए... मुख्य लाइन को तुरंत बहाल कर दिया गया... इस मालगाड़ी के तीन वैगनों को छोड़कर बाकी सभी हिस्से को ट्रैक से हटा दिया गया है..."
किसी के हताहत होने की खबर नहीं
किसी के हताहत होने या नुकसान की खबर नहीं है। लाल मिट्टी से लदी मालगाड़ी लाइन नंबर 8 से डाउनलाइन की ओर जाते समय पटरी से उतर गई। तीन वैगन पटरी से उतर गए।
मध्य प्रदेश में भी हुई थी ऐसी घटना
पिछले सप्ताह भी ऐसी ही घटना हुई थी जब मध्य प्रदेश के कटनी जिले के कटनी जंक्शन पर प्लेटफॉर्म के पास मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए थे। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और पटरी को दुरुस्त करने का काम शुरू किया।
