देश

Goa stampede: गोवा में शिरगांव मंदिर जात्रा के दौरान मची भगदड़, 6 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल

Goa stampede: गोवा के ​​शिरगांव मंदिर जात्रा में अचानक से भगदड़ मचने से 6 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों का आंकड़ा बढ़ भी सकता है क्योंकि कुछ घायलों की स्थिति गंभीर है।

Image

गोवा में शिरगांव मंदिर जात्रा में मची भगदड़

Goa stampede: गोवा में एक धार्मिकय यात्रा के दौरान भगदड़ मच गई है, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई है। साथ ही 30 लोगों के घायल होने की खबर है, जिसमें से कुछ की हालत गंभीर है। मिली जानकारी के अनुसार गोवा में शिरगांव मंदिर जात्रा (जुलूस) के दौरान भगदड़ मची है।

शिरगांव मंदिर जात्रा में मची भगदड़

उत्तरी गोवा के एक मंदिर में शनिवार तड़के एक उत्सव के दौरान भगदड़ मचने से छह लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह घटना पणजी से करीब 40 किलोमीटर दूर शिरगांव के श्री लईराई देवी मंदिर में तड़के करीब तीन बजे हुई। उन्होंने कहा कि हजारों श्रद्धालु वार्षिक उत्सव में भाग लेने के लिए मंदिर की संकरी गलियों में उमड़ पड़े और इसी दौरान भगदड़ मच गई।

कैसे मची भगदड़

पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार ने बताया कि छह लोगों की मौत हुई है और कई अन्य लोगों का राज्य के विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।अधिकारी ने कहा कि इस उत्सव के लिए कम से कम 30,000 से 40,000 लोग एकत्र हुए थे और कुछ लोग एक ढलान पर खड़े थे। ढलान पर कुछ लोग गिर गए जिससे अन्य लोग एक-दूसरे पर गिर गए। उन्होंने बताया कि 40 से 50 लोग ढलान पर गिर गए जिसके परिणामस्वरूप भगदड़ मच गई। उन्होंने कहा कि यह भगदड़ ढलान वाले स्थान तक सीमित रही। अधिकारी ने कहा कि उत्सव में शामिल होने के लिए गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक से हजारों श्रद्धालु मंदिर में एकत्र हुए थे।

सीएम ने की घायलों से मुलाकात

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने भी उत्तरी गोवा जिला अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। सावंत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें फोन करके हर तरह की मदद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने श्री लईराई देवी मंदिर में भगदड़ की घटना की जांच की घोषणा की।

8 की हालत गंभीर

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने बताया कि कम से कम 30 लोग घायल हुए हैं जिनमें से आठ की हालत गंभीर है और दो को बम्बोलिम स्थित गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में रेफर किया गया है। उन्होंने बताया कि आठ घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामूली रूप से घायल 10 अन्य लोगों को भी उपचार दिया गया। राणे ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को संभालने के लिए तत्काल और व्यापक कदम उठाए हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article