गोवा नाइटक्लब अग्निकांड के आरोपी लूथरा भाइयों की पुलिस हिरासत पांच दिनों के लिए बढ़ा दी गई है। मामले में सुनवाई करते हुए गोवा की एक अदालत ने यह आदेश दिया। छह दिसंबर को बिर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब में भीषण आग लग गई थी, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई थी। इस हादसे के बाद गौरव लूथरा और सौरभ लूथरा थाईलैंड के फुकेट भाग गए थे। जहां से 17 दिसंबर को उन्हें लाया गया। ये दोनों बिर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब के मालिक हैं।
पीड़ितों के परिवार का प्रतिनिधित्व कर रहे अधिवक्ता विष्णु जोशी ने बताया कि अदालत ने सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा की पुलिस हिरासत पांच दिनों के लिए बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि अदालत ने दुर्भाग्यपूर्ण क्लब के एक अन्य मालिक अजय गुप्ता को भी न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, क्योंकि पुलिस ने उनकी हिरासत बढ़ाने की मांग नहीं की थी।

गोवा नाइट क्लब में 25 लोगों ने गंवाई जान
बता दें कि मामले में अंजुना पुलिस ने लूथरा बंधुओं के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और अन्य अपराधों के लिए मामला दर्ज किया है। अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, पुलिस ने आरोपी ब्रिटिश नागरिक सुरिंदर कुमार खोसला के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जो ब्रिटेन भाग गया है।
