देश

'त्योहार में अनुष्ठान तोड़ने की कोशिश करेंगे विधर्मी, सनातन का सम्मान करने वालों से खरीदें सामग्री', तिरूपति लड्डू विवाद के बाद बोले गिरिराज

Tirupati Mandir Laddu row : केंद्रीय मंत्री ने X पर अपने एक पोस्ट में कहा, 'आने वाले महीनों में कई त्यौहार आने वाले हैं। कई विधर्मी लोग आपकी आस्था को ठेस पहुँचाने और आपके अनुष्ठानों को तोड़ने की कोशिश करेंगे। त्यौहारों के दौरान पूजा सामग्री केवल उन्हीं लोगों से खरीदें जो आपके सनातन मूल्यों का सम्मान करते हैं और उनका पालन करते हैं।'

KEY HIGHLIGHTS
  • तिरूपति मंदिर के 'प्रसादम' यानी लड्डुओं में इस्तेमाल घी में पशुओं की चर्बी मिली है
  • सरकारी लैब की रिपोर्ट में इस बात की पुष्टि हुई है, टीटीडी ने इसका खुलासा किया है
  • सरकार ने आंध्र प्रदेश सरकार से इस मामले में रिपोर्ट मांगी है, आस्था को लगा धक्का

Tirupati Mandir Laddu row : तिरूपति मंदिर के लड्डुओं के निर्माण में इस्तेमाल हुए घी में पशुओं की चर्बी की मिलावट पर लोगों में काफी गुस्सा है। लोग इसे अपनी आस्था पर चोट के रूप में ले रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने आंध्र प्रदेश सरकार से रिपोर्ट मांगी है। इस मामले में राजनीतिक बयानबाजी भी हो रही है। केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा के दिग्गज नेता गिरिराज सिंह ने शनिवार को कहा कि कई हिंदू त्योहार आने वाले हैं, विधर्मी अनुष्ठान को तोड़ने एवं आस्था को ठेस पहुंचाने की कोशिश करेंगे। इसलिए उन्होंने सनातन का सम्मान करने वाले लोगों से ही पूजा-पाठ एवं अनुष्ठान से जुड़ी सामग्रियां खरीदने की अपील की है।

केंद्रीय मंत्री ने X पर अपने एक पोस्ट में कहा, 'आने वाले महीनों में कई त्यौहार आने वाले हैं। कई विधर्मी लोग आपकी आस्था को ठेस पहुँचाने और आपके अनुष्ठानों को तोड़ने की कोशिश करेंगे। त्यौहारों के दौरान पूजा सामग्री केवल उन्हीं लोगों से खरीदें जो आपके सनातन मूल्यों का सम्मान करते हैं और उनका पालन करते हैं।'

‘लड्डू प्रसादम’ शूचिता बहाल हुई

तिरुपति के प्रसिद्ध ‘लड्डू प्रसादम’ में इस्तेमाल घी की गुणवत्ता को लेकर श्रद्धालुओं की चिंताओं के बीच तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) ने कहा कि इस पवित्र प्रसाद की शुचिता बहाल कर दी गई है। तिरुमला पर्वत पर स्थित श्री वेंकेटेश्वर स्वामी मंदिर का प्रबंधन करने वाले टीटीडी ने शुक्रवार रात को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि श्रीवारी लड्डू की पवित्रता अब बेदाग है। मंदिर बोर्ड ने एक पोस्ट में कहा, ‘श्रीवारी लड्डू की दिव्यता और पवित्रता अब बेदाग है। टीटीडी सभी भक्तों की संतुष्टि के लिए लड्डू प्रसादम की पवित्रता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।’

लड्डू में पशु चर्बी की मिलावट का दावा

देश के सबसे अमीर मंदिर का प्रबंधन करने वाले बोर्ड ने शुक्रवार को खुलासा किया कि उसे गुणवत्ता की जांच के लिए भेजे गए नमूनों में घटिया गुणवत्ता के घी और चर्बी की मिलावट का पता चला है। लड्डू में पशु चर्बी की मिलावट का दावा दो दिन पहले आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने किया था। इस मुद्दे को लेकर पूर्ववर्ती वाईएसआर कांग्रेस पार्टी की सरकार पर आरोप लगाए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी ने इसे ‘ध्यान भटकाने की राजनीति’ और ‘मनगढ़ंत कहानी’बताया। केंद्र ने इस मामले पर आंध्र प्रदेश सरकार से रिपोर्ट मांगी है और उचित कार्रवाई करने का वादा किया है। केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने आरोपों की जांच कराने की बात कही है।

ठेकेदार को ‘ब्लैकलिस्ट’करने की प्रक्रिया जारी

टीटीडी ने शुक्रवार को प्रयोगशाला की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि घी में ‘चर्बी’ (सुअर की वसा) और अन्य अशुद्धियां पाई गई हैं। टीटीडी के कार्यकारी अधिकारी जे. श्यामला राव ने कहा कि प्रयोगशाला की जांच में नमूनों में पशु वसा और चर्बी पायी गयी है और बोर्ड इस ‘मिलावटी’ घी की आपूर्ति करने वाले ठेकेदार को ‘ब्लैकलिस्ट’करने की प्रक्रिया में है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!