PM Modi wishes Ganesh Chaturthi : गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। अपने X पोस्ट में पीएम ने कहा कि इस शुभ एवं मांगलिक अवसर पर वह लोगों के कल्याण एवं समृद्धि के लिए प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा, 'आप सभी को गणेश चतुर्थी की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह पवित्र अवसर आप लोगों में श्रद्धा एवं विश्वास लेकर आए, यह अवसर सभी के लिए मंगलदायक हो। मैं भगवान गणेश से अपने सभी भक्तों को आशीर्वाद, खुशियां, शांत और उत्तम स्वास्थ्य देने की प्रार्थना करता हूं। गणपति बप्पा मोरया!'
राष्ट्रपति ने दीं शुभकामनाएं
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार को गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर देश के लोगों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह त्योहार सभी को नए लक्ष्यों और सकारात्मक भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। मुर्मू ने कहा कि यह त्योहार श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाता है।
राट्रपति ने कहा, ‘भगवान श्री गणेश को ज्ञान और कल्याण के स्रोत के रूप में पूजा जाता है। हम नयी शुरुआत और बाधाओं को दूर करने के लिए उनका आशीर्वाद चाहते हैं। यह त्योहार हमें नए लक्ष्यों और सकारात्मक भावना के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।’
स्वच्छ, हरित, समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का आह्वान
उन्होंने सभी से पर्यावरण संरक्षण करते हुए इस त्यौहार को मनाने और एक स्वच्छ, हरित और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में उन्होंने कहा, ‘गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर मैं देश-विदेश में रहने वाले प्रत्येक भारतीय को हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं।’
