देश

'मेरे राजनीतिक करियर के पीछे है गांधी परिवार का भरोसा-मार्गदर्शन', शपथ ग्रहण से पहले बोले DK शिवकुमार

डीके शिवकुमार तीन जून को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। कुछ दिनों पहले सिद्दारमैया ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया। X पर अपने एक पोस्ट में शिवकुमार ने कहा कि गांधी परिवार ने अपने नेतृत्व से न केवल उनके राजनीतिक करियर को प्रभावित किया बल्कि इसने वर्षों तक उनमें भरोसा जताया।

Image

कर्नाटक के अगले सीएम होंगे डीके शिवकुमार।

Photo : ANI

DK Shivakumar : कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने गांधी परिवार के प्रति अपना आभार जताया है। शिवकुमार ने कहा है कि आज राजनीति में वह जो कुछ भी हैं, उसके पीछे गांधी परिवार का भरोसा और उसका मार्गदर्शन है। डीके शिवकुमार तीन जून को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगे। कुछ दिनों पहले सिद्दारमैया ने सीएम पद से इस्तीफा दे दिया। X पर अपने एक पोस्ट में शिवकुमार ने कहा कि गांधी परिवार ने अपने नेतृत्व से न केवल उनके राजनीतिक करियर को प्रभावित किया बल्कि इसने वर्षों तक उनमें भरोसा जताया।

राजीव-सोनिया की तारीफ की

अपने शुरुआती राजनीतिक जीवन पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के प्रभाव को याद करते हुए शिवकुमार ने कहा कि एक कार्यकर्ता के रूप में उनकी क्षमताओं को राजीव गांधी ने पहचाना और लोगों की सेवा में पूरी तरह से उतरने के लिए प्रेरित किया। कांग्रेस संसदीय दल की चेयरपर्सन सोनिया गांधी की तारीफ करते हुए डीके ने कहा कि मुश्किल दौर में इनके मार्गदर्शन ने वास्तविक नेतृत्व का मतलब समझाया। उन्होंने कहा, 'सच्चे नेता केवल सफलता में आपके साथ खड़े नहीं होते बल्कि आप जब मुश्किल दौर में होते हैं तब भी वे आपके साथ होते हैं।'

राहुल-प्रियंका की भी प्रशंसा की

राहुल गांधी की तारीफ करते हुए शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस सांसद से उन्हें लागातार मार्गदर्शन एवं प्रेरणा मिलती रही। समावेशी राजनीति एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को उन्होंने राहुल से सीखा। इसके अलावा डीके ने पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने और मुलाकात के लिए हमेशा उपलब्ध होने पर प्रियंका गांधी की प्रशंसा की।

लोक भवन परिसर में CM पद की शपथ लेंगे शिवकुमार

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष शिवकुमार तीन जून को शाम चार बजकर पांच मिनट पर लोक भवन परिसर में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इस दौरान कुछ विधायक भी मंत्री पद की शपथ लेंगे। शिवकुमार को शनिवार को औपचारिक रूप से कांग्रेस विधायक दल का नेता चुना गया था। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मंत्री पद के दावेदारों की लंबी कतार और उपलब्ध पदों की सीमित संख्या के बीच शिवकुमार के सामने संतुलन साधने की बड़ी चुनौती है। उन्हें हर कदम बेहद सावधानी से उठाना होगा, क्योंकि मंत्रिमंडल में जगह नहीं पाने वाले नेताओं की नाराजगी बड़े स्तर पर असंतोष का रूप ले सकती है।

'मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता'

रविवार को जब पत्रकारों ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाले मंत्रियों की संख्या के बारे में पूछा, तो शिवकुमार ने कहा, 'मुझे जानकारी नहीं है। पार्टी आलाकमान जो तय करेगा, वही होगा। मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता।’कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि नए मंत्रिमंडल के गठन को लेकर अभी तक कोई प्रस्ताव उनके पास नहीं आया है। इस बीच, मंत्री पद को लेकर पैरवी तेज हो गई है और कई नेता आलाकमान के सामने अपना पक्ष रखने के लिए दिल्ली पहुंच गए हैं। कई पूर्व मंत्री और विधायक शिवकुमार व सिद्धरमैया से मुलाकात कर चुके हैं।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article