देश

कुवैत से भारत लाया गया फरार अपराधी मुन्नावर खान, इंटरपोल की मदद से मिली बड़ी सफलता

गुरुवार को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने एक अहम सफलता हासिल करते हुए बैंक ऑफ बड़ौदा धोखाधड़ी मामले में वांछित फरार आरोपी मुन्नावर खान को कुवैत से भारत प्रत्यर्पित कराया। इंटरपोल रेड नोटिस के आधार पर कुवैत पुलिस ने मुन्नावर को गिरफ्तार किया था और सुरक्षा के बीच उसे हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक लाया गया। वहां पहुंचते ही CBI की टीम ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।

Image

मुन्नावर खान की फाइल फोटो

Photo : Times Now Digital

Munawar Khan News: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार अपराधी मुन्नावर खान को कुवैत से भारत वापस लाने में सफलता पाई। बैंक ऑफ बड़ौदा धोखाधड़ी मामले में वांटेड मुन्नावर खान को हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुवैत पुलिस की सुरक्षा में लाया गया, जहां सीबीआई की टीम ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।

मुन्नावर खान पर आरोप है कि उसने साल 2011 में अपने साथियों के साथ मिलकर बैंक ऑफ बड़ौदा से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी और जालसाजी की। इस घोटाले के बाद वह भारत छोड़कर कुवैत भाग गया था। इसके बाद अदालत ने उसे प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर यानी घोषित अपराधी घोषित कर दिया था।

सीबीआई ने इस मामले की जांच करते हुए फरवरी 2022 में इंटरपोल से मुन्नावर खान के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया। रेड नोटिस के आधार पर कुवैत पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA), सीबीआई और कुवैत की पुलिस एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय से उसकी भारत वापसी सुनिश्चित की गई।

सीबीआई ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई में इंटरपोल की भूमिका बेहद अहम होती है। इंटरपोल रेड नोटिस पूरी दुनिया की कानून प्रवर्तन एजेंसियों तक भेजा जाता है, ताकि फरार अपराधियों को पकड़ने में मदद मिल सके। सीबीआई भारत में इंटरपोल की नेशनल सेंट्रल ब्यूरो (NCB) है और भारतपोल (BHARATPOL) प्लेटफॉर्म के जरिए देश की अन्य एजेंसियों के साथ जानकारी साझा करती है।

गौरतलब है कि पिछले कुछ वर्षों में सीबीआई ने इंटरपोल चैनल्स की मदद से 130 से ज्यादा वांटेड अपराधियों को भारत लाने में सफलता पाई है। मुन्नावर खान का लौटना इसी दिशा में एक और बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे साफ है कि भारत अब अपराधियों को विदेश में भी चैन से नहीं रहने देगा।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article