India-Belgium ties : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भारत और बेल्जियम के प्रगाढ़ होते रिश्ते की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों देशों का सहयोग पारंपरिक क्षेत्र से आगे बढ़कर रक्षा एवं स्वच्छ ऊर्जा जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में प्रवेश कर गया है। पीएम ने कहा कि दोनों देश जोरावर टैंक एवं आंध्र प्रदेश में ग्रीन अमोनिया प्रोजेक्ट में सहयोग कर रहे हैं। पीएम ने कहा कि दुनिया इस समय उथल-पुथल के दौर से गुजर रही है। दुनिया के कई हिस्सों में संघर्ष की स्थितियां बनी हुई हैं और भोजन, ईंधन या आपूर्ति श्रृंखला-हर क्षेत्र में अनिश्चितता का असर पड़ रहा है।
दुनिया के लिए नए अवसरों का स्रोत बना भारत-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने बेल्जियम के अपने समकक्ष बार्ट डी वेवर के साथ वार्ता के बाद कहा कि इस चुनौतीपूर्ण माहौल में भी भारत की अर्थव्यवस्था ने अपनी गति बनाए रखी है। पिछली तिमाही में भारत ने 7.8 प्रतिशत की वृद्धि दर दर्ज की और आज भारत की विकास गाथा दुनिया के लिए नए अवसरों का स्रोत बन रही है। भारत और बेल्जियम संवाद और कूटनीति में विश्वास करते हैं और हम सभी संघर्षों को जल्द समाप्त करने के प्रयासों का समर्थन करते हैं, चाहे वह यूक्रेन में हो या पश्चिम एशिया में।
'पहले से ज्यादा रणनीतिक हैं दोनों देशों के रिश्ते'
पीएम ने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा वाला भविष्य और विश्वसनीय आपूर्ति श्रृंखला हमारी साझा प्राथमिकताएं हैं। भारत-ईयू एफटीए का संपन्न होना एक बड़ी उपलब्धि है। भारत और बेल्जियम ऐसे संबंध बना रहे हैं, जो व्यापक हैं और पहले की तुलना में कहीं अधिक रणनीतिक हैं।
‘इन्वेस्टमेंट फास्ट-ट्रैक मेकनिज्म' स्थापित
उन्होंने कहा कि भारत में बेल्जियम की कंपनियों के लिए हमने ‘इन्वेस्टमेंट फास्ट-ट्रैक मेकनिज्म' स्थापित किया है। हमने इंडिया-बेल्जियम बिजनेस फोरम को एक नियमित तंत्र बनाने का निर्णय लिया है। दोनों देशों के वित्तीय, फिनटेक और नियामक संस्थानों के बीच तालमेल को और बढ़ाया जाएगा। इन कदमों के माध्यम से हम अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने के लक्ष्य को हासिल करेंगे। पीएम मोदी ने कहा, 'रक्षा और सुरक्षा सहयोग हमारे संबंधों का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। आज हमने दोनों देशों के बीच सैन्य आदान-प्रदान और प्रशिक्षण सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। हमारी सरकारों और रक्षा उद्योगों के बीच हुए समझौते रक्षा क्षेत्र में सह-विकास और सह-उत्पादन के नए अवसर खोलेंगे।'
सप्लाई चेन हमारी साझा प्राथमिकताएं-पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि हम अपनी संबंधित एजेंसियों के बीच खुफिया जानकारी साझा करने और अपराध के खिलाफ सहयोग को भी और मजबूत करेंगे। स्वच्छ ऊर्जा का भविष्य और विश्वसनीय सप्लाई चेन हमारी साझा प्राथमिकताएं हैं। आज हस्ताक्षरित नवीकरणीय ऊर्जा संबंधी समझौता सतत विकास के क्षेत्र में हमारे सहयोग को नई गति देगा। हम महत्वपूर्ण खनिजों के प्रसंस्करण और पुनर्चक्रण में सहयोग बढ़ाने पर भी सहमत हुए हैं। सेमीकंडक्टर क्षेत्र में बेल्जियम की विशेषज्ञता और भारत का व्यापक पैमाना एक-दूसरे के पूरक हैं। इस दिशा में हम बेल्जियम के IMEC संस्थान को भारत के सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम के साथ जोड़ने के लिए मिलकर काम करेंगे।'
