देश

पुणे में दर्दनाक हादसा: कर्मचारियों को ऑफिस ले जा रही गाड़ी में आग लगने से 4 की मौत, नहीं खुला दरवाजा, जिंदा जल गए

हिंजवडी फेज वन में ड्राइवर को गाड़ी के नीचे से आग की लपटें और अचानक धुंआ दिखा। इसके बाद गाड़ी में तेजी से आग लग गई और चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

Image

पुणे में दर्दनाक हादसा

Photo : PTI

Pune Car Fire Deaths : महाराष्ट्र के पुणे के हिंजवाड़ी में बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां अचानक एक SUV में आग लगने से गाड़ी में सवार चार लोगों की जलकर मौत गई। चारों एक ही कंपनी के कर्मचारी थे। ये सभी व्योमा ग्राफिक्स कंपनी के कर्मचारी थे। यह घटना सुबह करीब 7 बजे की है। इस घटना ने यहां हर किसी को हैरान करते हुए सदमे में डाल दिया है।

पिछला दरवाजा नहीं खुल पाया

हिंजवडी फेज वन में ड्राइवर को गाड़ी के नीचे से आग की लपटें और अचानक धुंआ दिखा। उस समय ड्राइवर और सामने का स्टाफ तुरंत नीचे उतर गया, लेकिन पिछला दरवाजा नहीं खुलने से इसमें बैठे चार कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अचानक लगी आग

एक टेम्पो ट्रैवलर कंपनी के कुछ कर्मचारियों को उनके कार्यालय ले जा रहा था। हिंजवाड़ी के पुलिस उपायुक्त विशाल गायकवाड़ ने बताया कि जब वाहन डसॉल्ट सिस्टम्स के पास था, तो उसमें अचानक आग लग गई, जिसके कारण चालक को गाड़ी धीमी करनी पड़ी।

उन्होंने कहा, कुछ कर्मचारी तो बाहर निकलने में कामयाब हो गए, लेकिन उनके चार साथी खुद को बाहर नहीं निकाल पाए और उनकी मौत हो गई। शवों को वाहन से निकालने का काम जारी है।

घटना से इलाके में हड़कंप

घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को तुरंत इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article