Former PM Manmohan Singh Passed Away: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह ने गुरुवार को 92 साल की उम्र में एम्स में अंतिम सांस ली। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, डॉ मनमोहन सिंह को गुरुवार शाम सांस लेने में दिक्कत महसूस हुई जिसके बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था। वे लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे थे।
अविभाजित भारत के पंजाब के गाह (अब पाकिस्तान) में जन्में डॉ मनमोहन सिंह 10 साल तक (2004-2014) प्रधानमंत्री पद पर रहे। आखिरी बार 7 अगस्त, 2023 को राज्यसभा में उनकी उपस्थिति ने सभी को हिला कर रख दिया था।
दरअसल, दिल्ली सर्विसेज बिल को लेकर हुई वोटिंग के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह राज्यसभा पहुंचे और अपना कीमती मत दिया। उस दौरान पूरे देश ने व्हील चेयर पर मौजूद मनमोहन सिंह को देखा। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री के जज्बे को भी सलाम किया था।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और देश के कई प्रमुख नेताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर बृहस्पतिवार को दुख जताया तथा देश की आर्थिक प्रगति में उनके योगदान को याद किया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पोस्ट किया, ''पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी उन चुनिंदा राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में भी समान सहजता से काम किया। सार्वजनिक पदों पर अपनी विभिन्न भूमिकाओं में उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था में सुधार के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।'' उन्होंने कहा कि सिंह को राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा, उनके बेदाग राजनीतिक जीवन और उनकी अत्यंत विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने भारत के आर्थिक परिदृश्य को पूरी तरह से बदल दिया। उपराष्ट्रपति सचिवालय ने धनखड़ के हवाले से कहा, ''मनमोहन सिंह ने साहसपूर्वक हमारे देश को महत्वपूर्ण परिवर्तन के दौर में संभाला और विकास तथा समृद्धि के नए रास्ते खोले।''
'डॉ. सिंह के निधन पर पूरा देश शोकाकुल'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर भावुक करने वाला पोस्ट किया। उन्होंने कहा कि भारत अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोकाकुल है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर मनमोहन सिंह एक सम्मानित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री सहित विभिन्न सरकारी पदों पर काम किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। संसद में उनके हस्तक्षेप भी बहुत ही व्यावहारिक थे। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए व्यापक प्रयास किए।
किसने क्या कहा?
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यह बहुत दुखद है। वह एक महान प्रधानमंत्री थे जिन्होंने देश की सेवा की। हम अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर रहे हैं और दिल्ली वापस जा रहे हैं...
खरगे ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''निःसंदेह, इतिहास आपका दयालुता के साथ मूल्यांकन करेगा, डॉ. मनमोहन सिंह जी! पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से, भारत ने एक दूरदर्शी राजनेता, बेदाग सत्यनिष्ठ नेता और अद्वितीय कद का अर्थशास्त्री खो दिया है।'' उन्होंने कहा, ''आर्थिक उदारीकरण और अधिकार-आधारित उनकी नीति ने करोड़ों भारतीय नागरिकों के जीवन को गहराई से बदल दिया, वस्तुतः भारत में एक मध्यम वर्ग का निर्माण किया और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला।''
खरगे ने कहा कि मैं एक वरिष्ठ सहकर्मी, एक सौम्य बुद्धिजीवी और एक विनम्र व्यक्ति के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं, जिन्होंने भारत की आकांक्षाओं को मूर्त रूप दिया, जो अटूट समर्पण के साथ आगे बढ़े। उन्होंने कहा कि मुझे श्रम मंत्री, रेल मंत्री और समाज कल्याण मंत्री के रूप में उनके मंत्रिमंडल का हिस्सा होने पर गर्व है।
'मैंने एक संरक्षक और मार्गदर्शक खो दिया'
राहुल गांधी ने कहा कि मनमोहन सिंह जी ने असीम बुद्धिमत्ता और निष्ठा के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने देश को प्रेरित किया। श्रीमती कौर और परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना। उन्होंने कहा, ''मैंने एक संरक्षक और मार्गदर्शक खो दिया है। हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे।''
'सेवा को लेकर प्रतिबद्ध रहे मनमोहन'
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक जताया और कहा कि वह विरोधियों द्वारा अनुचित और व्यक्तिगत हमलों के बावजूद देश की सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ रहे। प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ''सरदार मनमोहन सिंह जी की तरह कम ही लोग राजनीति में प्रेरित करते हैं। उनकी ईमानदारी हमारे लिए हमेशा प्रेरणा बनी रहेगी और वह हमेशा उन लोगों के बीच खड़े रहेंगे जो वास्तव में इस देश से प्यार करते हैं, एक ऐसे व्यक्ति के रूप में जो अपने विरोधियों द्वारा अनुचित और गहरे व्यक्तिगत हमलों के बावजूद देश की सेवा करने की अपनी प्रतिबद्धता पर दृढ़ रहे।''
अमित शाह ने जताया दुख
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पूर्व प्रधानमंत्री के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन की सूचना अत्यंत दुःखद है। भारतीय रिजर्व बैंक में गवर्नर से लेकर देश के वित्त मंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में डॉ. मनमोहन सिंह जी ने देश की शासन व्यवस्था में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। वाहेगुरु जी उनकी आत्मा को सद्गति प्रदान करें और उनके परिवारजनों को यह दुःख सहने की शक्ति दें।
वहीं, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह जी का निधन देश के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी विद्वता और सादगी के गुणों को शब्दों में पिरोना असंभव है। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें। उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
दिल्ली लौट रहे कांग्रेस नेता
कर्नाटक के बेलगावी में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के बीच पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन की सूचना सामने आई जिसके तत्काल बाद कांग्रेस के तमाम नेता दिल्ली के लिए रवाना हो गए, जबकि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा फिलहाल एम्स पहुंच गई हैं।
