Ceasefire Between India and Pakistan : भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण माहौल के बीच विदेश मंत्रालय की ओर से शनिवार को एक बार फिर प्रेस ब्रीफिंग की गई। इस संवाददाता सम्मेलन में विदेश सचिव विक्रम मिस्त्री ने कहा कि भारत और पाकिस्तान दोनों सीजफायर पर सहमत हो गए हैं। यह सीजफायर शाम पांच बजे से लागू हो गया। विदेश सचिव ने कहा कि दोनों देशों के बीच गोलीबारी रोकने पर सहमति बनी है। DGMO भारत और DGMO पाकिस्तान के बीच दोपहर 3.35 बजे बातचीत हुई। दोनों के बीच यह सहमति बनी कि थल, वायु और समुद्र में सभी प्रकार की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई को शाम 5 बजे (भारतीय समयानुसार) से रोका जाएगा। सीजफायर को भारत की एक बड़ी कूटनीतिक जीत के रूप में देखा जा रहा है।
विदेश मंत्री जयशंकर ने की सीजफायर की पुष्टि
विदेश मंत्री ने अपने ट्वीट में कहा कि भारत और पाकिस्तान के बीच आज फायरिंग और सैन्य कार्रवाई रोकने पर आपसी सहमति बनी। भारत ने आतंकवाद के सभी रूपों और प्रवृत्तियों के खिलाफ हमेशा एक सख्त और अडिग रुख अपनाया है, और आगे भी इसी रुख पर कायम रहेगा।
12 मई को DGMO के बीच फिर से बात होगी
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, 'पाकिस्तान के सैन्य संचालन महानिदेशक (DGMO) ने आज दोपहर करीब साढ़े 3 बजे भारतीय DGMO को फोन किया। उनके बीच सहमति बनी कि दोनों पक्ष भारतीय मानक समयानुसार शाम 5 बजे से जमीन, हवा और समुद्र में सभी तरह की गोलीबारी और सैन्य कार्रवाई बंद कर देंगे। आज दोनों पक्षों को इस सहमति को लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। सैन्य संचालन महानिदेशक 12 मई को फिर से बात करेंगे।'
सीजफायर पर आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए सेना के कमोडोर रवि नायर ने कहा, 'जैसा कि विदेश सचिव ने कहा, समंदर, वायु और जमीन पर सभी सैन्य गतिविधियों को रोकने के लिए एक सहमति बनी है। भारतीय थल सेना, वायु सेना और नौसेना को इसका पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।'
ट्रंप ने किया सीजफायर का दावा
इससे पहले अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्वीट कर दोनों देशों के बीच सीजफायर पर सहमति बनने का दावा किया। उन्होंने अपने एक पोस्ट में कहा कि 'अमेरिका की मध्यस्थता में एक लंबी रात की बातचीत के बाद, मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल संघर्षविराम पर सहमत हो गए हैं।'
भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर की घोषणा पर प्रतिक्रिया देते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि 'शांति सर्वोपरि है और सम्प्रभुता भी।'
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
