देश

Indian Student: विदेश मंत्रालय ने दुर्घटना में घायल भारतीय छात्रा के परिवार के VISA मुद्दे को अमेरिका के सामने उठाया

Neelam Shinde Accident in US: परिवार को अमेरिका के लिए तत्काल वीजा प्राप्त करने में परेशानी हो रही है, इसलिए उन्होंने केंद्र सरकार से मदद मांगी है और सभी प्रकार की आवश्यक चिकित्सा सहायता प्रदान करने का प्रयास किया है।

Image

अमेरिका में एक एक्सीडेंट में नीलम शिंदे के सिर, हाथ, पैर और छाती पर गंभीर चोटें आईं

Neelam Shinde Accident in US: विदेश मंत्रालय ने कैलिफोर्निया में सड़क दुर्घटना के बाद जीवन के लिए संघर्ष कर रही एक भारतीय छात्रा के परिवार के तत्काल वीजा के अनुरोध के मामले को अमेरिका के समक्ष उठाया है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।महाराष्ट्र के सतारा की नीलम शिंदे 14 फरवरी को हुई दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गई थीं और तब से अस्पताल में कोमा में हैं। शिंदे के सिर, हाथ और छाती में गंभीर चोटें आईं हैं।

छात्रा के परिवार ने उसके पास रहकर देखभाल करने के लिए अमेरिका जाने के वास्ते तत्काल वीजा दिए जाने की मांग की है।सूत्रों ने बताया कि विदेश मंत्रालय ने इस मामले को अमेरिका के समक्ष उठाया है और अमेरिकी पक्ष छात्रा के परिवार को जल्दी वीजा देने की औपचारिकताओं पर विचार कर रहा है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने बुधवार को इस मामले को उठाया।उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘छात्रा नीलम शिंदे अमेरिका में दुर्घटना में घायल हो गई हैं और उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।' सुले ने कहा, 'उनके पिता तानाजी शिंदे, सतारा, महाराष्ट्र से हैं, चिकित्सकीय आपातकाल स्थिति के कारण उन्हें अपनी बेटी से मिलने की तत्काल आवश्यकता है। तानाजी शिंदे ने अमेरिका जाने के लिए तत्काल वीजा के वास्ते आवेदन किया है और उन्हें सहायता की आवश्यकता है।'

यह तब हुआ जब उसके परिवार ने तत्काल वीजा प्राप्त करने के लिए सरकार से हस्तक्षेप करने की मांग की। जानकारी के अनुसार, दुर्घटना 14 फरवरी को हुई थी और इस संबंध में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। शिंदे के परिवार को दो दिन बाद उसकी रूममेट ने इसकी जानकारी दी।

सिर में चोट के कारण उसे तत्काल सर्जरी करवानी पड़ी

शिंदे के सिर, हाथ, पैर और छाती पर गंभीर चोटें आईं। सिर में चोट के कारण उसे तत्काल सर्जरी करवानी पड़ी।उनकी हालत को देखते हुए अस्पताल ने परिवार को एक ई-मेल भेजा, जिसमें उन्हें जल्द से जल्द अमेरिका आने के लिए कहा गया। कुछ दिन पहले शिंदे की मां का भी निधन हो गया था।

परिवार तत्काल वीजा प्राप्त करने के लिए पासपोर्ट कार्यालय गया

मीडिया से बात करते हुए नीलम शिंदे के चाचा ने कहा कि परिवार तत्काल वीजा प्राप्त करने के लिए पासपोर्ट कार्यालय गया और केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल, पूर्व सांसद श्रीनिवास पाटिल और पूर्व विधायक बालासाहेब पाटिल (दोनों सतारा से) से भी संपर्क किया। उन्होंने कहा, 'लेकिन वे (परिवार) निराश हो गए। सरकार की ओर से आज तक कोई मदद नहीं मिली है।'

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article