देश

अपने शो में बड़ी-बड़ी हस्तियों को बुलाने वाले कपिल शर्मा पहुंचे इस शख्स के शो में...'क्या आपने कभी सोचा था'

  • Written by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 3, 2023, 10:53 AM IST

जो कपिल शर्मा अपने शो में मशहूर हस्तियों को बुलाते हैं, वह खुद ऐसे शख्स के शो में पहुंचे जो आज के दौर का नंबर वन मोटिवेशनल यूट्यूबर है।

Image

संदीप माहेश्वरी के शो में पहुंचे कपिल शर्मा (Credit: Sandeep Maheshwari YouTube Channel)

Kapil Sharma in Sandeep Maheshwari Show: आज के दौर में कपिल शर्मा देश के नंबर 1 कॉमेडियन हैं और शो कॉमेडी नाइट के जरिये कई सालों के दर्शकों का दिल जीत रहे हैं। कपिल अपने शो में एक से बढ़कर एक हस्तियों को बुलाते हैं और यहां जमकर मस्ती होती है। कपिल के इस शो में बड़ी फिल्मों का प्रचार किया जाता है और माहौल खुशनुमा बन जाता है। कपिल अपने शो में अपने मेहमानों से एक सवाल जरूर दागते हैं, क्या आपने कभी सोचा था कि आप एक दिन इस शो में आएंगे। उनके ऐसा कहते ही ठहाकों की गूंज सुनाई पड़ती है।

संदीप माहेश्वरी के शो में पहुंचे कपिल

जो कपिल शर्मा अपने शो में मशहूर हस्तियों को बुलाते हैं, वह खुद ऐसे शख्स के शो में पहुंचे जो आज के दौर का नंबर वन मोटिवेशनल यूट्यूबर है। जी हां, हम बात कर रहे हैं संदीप माहेश्वरी की जो इन दिनों अपने शो में मशहूर यूट्यूबर और दूसरे सितारों को बुलाते हैं जिन्होंने अपने दम पर शोहरत और दौलत कमाई है। संदीप के शो में पहुंचे कपिल का जबरदस्त स्वागत हुआ। लोगों ने कपिल-कपिल के नारे लगाने शुरू कर दिया। इसके बाद कपिल ने अपनी हाजिरजवाबी से माहौल बना दिया। उनसे यहां मौजूद लोगों ने खूब सवाल पूछे और कपिल ने अपने ही अंदाज में इसका जवाब भी दिया।

संदीप ने दागा सवाल, क्या आपने कभी सोचा था कि...

कपिल ने सबसे पहले संदीप माहेश्वरी से पूछा, मैं तो सोच रहा था कि आप कभी मेरे शो में आएंगे, इस पर संदीप ने कहा- एक ही बात है। इसके बाद संदीप ने सबसे जोरदार सवाल दागा। संदीप ने उनसे कहा- आपने 10 साल पहले अपना शो शुरू किया था और जबरदस्त कामयाबी हासिल की, तो क्या आपने कभी सोचा था कि एक दिन आप कभी मेरे शो में आएंगे...उनके इस सवाल पर सबसे अधिक शोर मचा, जमकर ठहाके लगे। कपिल भी मुस्कराने से खुद को रोक नहीं सके। इसके बाद कपिल से सवाल जवाबों का दौर शुरू हुआ और लोगों ने उनके कई सवाल करने के साथ सफलता के टिप्स भी लिए।

कपिल ने की संदीप की जमकर तारीफ

कपिल ने संदीप के सवाल पर कहा, मैं आपके शो देखता रहता हूं, आप लोगों को बहुत मोटिवेट कर रहे हैं। मैंने तीन महीने के लिए शो बनाया था, और आज 10 साल हो गए। लोगों का प्यार है। एक दर्शक ने सवाल किया कि आप कॉमेडी के अंदाज में कैसे लोगों को मोटिवेट करेंगे। इस पर कपिल ने कहा कि इस अंदाज में संदीप जी से अच्छा कौन मोटिवेट कर सकता है। मैंने इनके वीडियो देखे हैं कि ये कैसे लोगों को हंसाते-हंसाते मोटिवेट करते हैं और इसीलिए इनके वीडियो लोगों को इतने पंसद आते हैं।

कपिल की हाजिरजवाबी

एक लड़की ने सवाल किया कि मैं बहुत ज्यादा बोलती हूं, इस पर कपिल ने कहा कि भगवान उसका भले करे जिससे आपकी शादी होगी, फिर लड़की ने पूछा- मैं कैसे एक अच्छी श्रोता बन सकती हूं। कपिल ने तुरंत जवाब दिया- चुप रहकर। उनका जवाब सुनकर हॉल में ठहाकों की आवाज गूंज उठी। संदीप भी ठहाके लगाने से खुद को नहीं रोक सके। ऐसे ही कई और मजेदार पल इस शो में आए जिसने माहौल यादगार बना दिया। कुल मिलाकर, अपने सुपरहिट शो से हटकर कपिल को इस शो में देखना बिल्कुल ही अलग रहा और कपिल इसमें अलग ही रूप में नजर आए।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article