नई दिल्ली : केंद्रीय खाद्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने पाकिस्तान के साथ बढ़ते तनाव के बीच गुरुवार को लोगों से जरूरी वस्तुओं की जमाखोरी करने संबंधी अफवाहों पर ध्यान न देने का अनुरोध करते किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि देश के पास सभी आवश्यक वस्तुओं के पर्याप्त से अधिक भंडार मौजूद हैं।
जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में कहा, 'देश के कुछ हिस्सों में अफवाहें फैल रही हैं, जिनसे प्रभावित होकर लोग जरूरी खाद्य पदार्थों और रोजमर्रा की जरूरत वाली अन्य चीजों को इकट्ठा करने में लगे हैं।'
खाद्य मंत्री ने जमाखोरी की जरूरत से साफ तौर पर इनकार करते हुए कहा, 'हमारे पास देश भर में हर जरूरी चीज का पर्याप्त भंडार है।' उन्होंने कहा, 'हमारा भंडार जरूरत से कई गुना अधिक है और देश के किसी भी हिस्से में लोगों को बाजार भागने का कोई कारण नहीं है।'
जोशी ने कहा कि देश में जरूरी चीजों की कोई कमी नहीं है और किसी को भी ऐसी अफवाहों पर ध्यान नहीं देना चाहिए।
इधर भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के बीच, कई राज्यों ने स्कूलों को बंद करने, सीमावर्ती जिलों में ब्लैकआउट और पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारियों के लिए छुट्टी रद्द करने की घोषणा की है।
Input - PTI
