केरल में तिरुवनंतपुरम में महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी के खिलाफ प्रदर्शन के सिलसिले में 5 लोगों पर मामला दर्ज हुआ है। केरल पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। प्रदर्शनकारी तुषार गांधी से कथित तौर पर आरएसएस के खिलाफ दिए गए बयान को वापस लेने की मांग की थी।
तुषार गांधी के खिलाफ नारेबाजी
बकौल पुलिस, संघ परिवार से कथित रूप से जुड़े लोगों के एक समूह ने नेय्याट्टिनकारा में तुषार गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। इस संबंध में 5 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तुषार गांधी दिवंगत गांधीवादी पी गोपीनाथन नायर की प्रतिमा का अनावरण करने के लिए नेय्याट्टिनकारा गए थे।
तुषार गांधी ने क्या कुछ कहा था?
तुषार गांधी ने अपने भाषण में कथित तौर पर कहा था कि देश की आत्मा को कैंसर ने जकड़ लिया है। साथ ही उन्होंने कहा था कि संघ परिवार इसे फैला रहा है। स्थानीय चैनलों पर प्रसारित कुछ वीडियो में कुछ लोगों के समूह ने तुषार गांधी से अपना बयान वापस लेने की मांग करते हुए नारेबाजी की थी।
