Ghulam Nabi Azad on Pahalgam Attack: गुलाम नबी आजाद ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर कहा है कि इस मुद्दे पर पक्ष और विपक्ष एक साथ है। आजाद ने कहा कि आज तक घाटी में कभी टूरिस्ट पर हमला नहीं हुआ। ये पहली बार है जब पर्यटकों पर आतंकी हमला किया गया है। साथ ही कहा कि आतंकी हमले को धर्म के नाम पर बांटना गलत है।
पहली बार एकजुट हुए लोग
टाइम्स नाउ नवभारत से खास बातचीत में आजाद ने कहा, जब से जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद फैला, बड़े-बड़े हमले हुए, लेकिन मैंने कभी यहां के लोगों को इस तरह पहले कभी आतंकियों के खिलाफ लड़ते हुए नहीं देखा है। पक्ष-विपक्ष सभी एक साथ हैं। लोगों ने लीड ली, मस्जिदों से आवाज आई। कुछ धार्मिक स्थलों को आतंकवादियों के लिए इस्तेमाल किया जाता था। पहली बार यहां से आतंकियों के खिलाफ आवाज उठी है, लेकिन मीडिया में इसे जगह नहीं मिली कि देखिए यहां कितना बदलाव आया है। कश्मीर वाले आतंकवाद के खिलाफ हैं। पाकिस्तान को अब पीछे हट जाना चाहिए।
देश को हिंदू-मुसलमान के बीच नहीं बांटना चाहिए
इस समय हमें देश को हिंदू-मुसलमान के बीच नहीं बांटना चाहिए। इस वक्त एक हिंदुस्तान होना चाहिए। सभी पार्टियों के लोग सरकार के साथ हैं। विपक्ष की ओर से संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने की मांग पर आजाद ने कहा, मैं बधाई देना चाहता हूं जम्मू-कश्मीर के सीएम और विपक्ष को कि उन्होंने पहल की, चीफ मिनिस्टर ने ऑल पार्टी मीटिंग बुलाई थी। इसके बाद एक दिन का सत्र बुलाया गया, मैं बीजेपी समेत सभी पार्टियों को बधाई देता हूं। सब एक सुर में बोल रहे थे। विशेष सत्र बुलाने पर फायदा सरकार को होगा, जो पार्टी विरोध करेगी वो अलग-थलग पड़ जाएगी।
