Priyanka Gandhi: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी शुक्रवार को ग्वालियर में थीं और इस दौरान उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर पहली बार सीधी तौर पर हमला बोल लिया। प्रियंका गांधी उस ग्वालियर में थीं, जिसे सिंधिया का गढ़ माना जाता है।
सिंधिया पर क्या बोलीं
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गृह क्षेत्र ग्वालियर में 'जन आक्रोश' रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने कहा कि भाजपा शासित मध्य प्रदेश में परिवर्तन की व्यापक लहर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर लोगों को पांच गारंटी मिलेगी। प्रियंका गांधी ने कहा-"मैं यहां आपका ध्यान भटकाने नहीं आई हूं। मैं मुद्दों की बात करने आई हूं। आज सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई है। मैं भी चाहूं तो 30 मिनट के भाषण में 10 मिनट मोदी जी की आलोचना कर सकती हूं, 10 मिनट शिवराज जी के घोटालों पर बात कर सकती हूं और 10 मिनट सिंधिया जी की विचारधारा पलटने पर बोल सकती हूं। लेकिन मैं मुद्दों की बात करने आई हूं।"
मोदी सरकार पर हमला
प्रियंका गांधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा- "राजनीतिक शालीनता समाप्त हो गई है। आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति हो रही है, जिसके कारण जनता के वास्तविक मुद्दे और परेशानियां पीछे धकेल दी जाती हैं। मणिपुर में भयानक अत्याचार हुआ। हमारे प्रधानमंत्री ने 77 दिन तक कोई बयान नहीं दिया, एक लफ्ज नहीं कहा। एक भयानक वीडियो जारी होने के बाद कल मजबूरी में एक वाक्य बोला। इसमें भी राजनीति घोल दी और उन प्रदेशों का नाम लिया जहां विपक्ष की सरकार है।"
कांग्रेस की पांच गारंटी
प्रियंका गांधी ने कांग्रेस की पांच गारंटी दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस मध्यप्रदेश में सत्ता में आती है तो कर्मचारियों की पुरानी पेंशन योजना बहाल की जाएगी, महिलाओं को 1500 रुपये आर्थिक सहायता, पांच सौ रुपये में रसोई गैस सिलेंडर, 100 यूनिट मुफ्त बिजली तथा किसानों के लिए ऋण माफी योजना फिर से शुरू करने की बात कही।
