Delhi Legislative Assembly Session: दिल्ली की आठवीं विधानसभा का पहला सत्र आज से शुरू हो रहा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भारतीय जनता पार्टी विधायक विजेंद्र गुप्ता को सदन का अध्यक्ष नामित करने के लिए प्रस्ताव पेश करेंगी। विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव दोपहर 2:00 बजे होगा, जबकि नवनिर्वाचित विधायक सुबह 11:00 बजे शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेंगे। इस बीच, उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने भाजपा नेता अरविंदर सिंह लवली को प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किया है।
25 फरवरी को विधानसभा को संबोधित करेंगे एलजी
दिल्ली विधानसभा बुलेटिन के अनुसार, उपराज्यपाल वीके सक्सेना 25 फरवरी को विधानसभा को संबोधित करेंगे, जिसके बाद नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट पेश की जाएगी। उसी दिन विधानसभा एलजी के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव रखा जाएगा । 26 फरवरी को सुबह 11 बजे धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू होगी, जिसके बाद दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष का चुनाव होगा। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को घोषणा की कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट तीन दिवसीय विधानसभा सत्र में पेश की जाएगी।
सीएम रेखा बोलीं, एक-एक पाई का हिसाब देना होगा
मुख्यमंत्री गुप्ता ने पिछली सरकार पर लोगों की मेहनत की कमाई का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें एक-एक पाई का हिसाब देना होगा। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, हम दिल्ली के लिए किए गए वादों पर खरे उतरेंगे और उन्हें पूरा किया जाएगा। हमें पहले सत्र में सदन के पटल पर सीएजी रिपोर्ट रखनी चाहिए। यह लोगों की मेहनत की कमाई है, जिसका पिछली सरकार ने दुरुपयोग किया। उन्हें लोगों के सामने एक-एक पाई का हिसाब देना होगा।
पहली बैठक में दो बड़े फैसलों की घोषणा
सीएम रेखा गुप्ता ने 20 फरवरी को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। कुछ घंटों बाद उन्होंने अपने मंत्रिमंडल की पहली बैठक की अध्यक्षता की और दो बड़े फैसलों की घोषणा की- 5 लाख रुपये के टॉप-अप के साथ आयुष्मान भारत योजना को लागू करना और विधानसभा के पहले सत्र में 14 लंबित सीएजी रिपोर्ट को पेश करना। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी को दिल्ली विधानसभा में विपक्ष का नेता चुना गया। आप विधायकों की बैठक के दौरान उन्हें एलओपी चुना गया। बैठक के बाद प्रेस वार्ता के दौरान वरिष्ठ आप नेता गोपाल राय ने यह घोषणा की। भाजपा 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटें जीतकर 27 साल बाद राष्ट्रीय राजधानी में सत्ता में आई है। एक दशक से सदन में 60 से अधिक विधायकों वाली आप पार्टी पहली बार विपक्ष में होगी। (एएनआई)
