देश

राम लला प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ, 3 दिवसीय महोत्सव आज से; CM योगी करेंगे शुभारंभ

Ram Lala Pran Pratishtha: आज योगी आदित्यनाथ श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली सालगिरह पर आयोजित महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को कुबेर टीला पर भक्तों को संबोधित करेंगे, जिसके बाद संगीत और भक्ति कार्यक्रमों की एक श्रृंखला होगी।

Image

राम लला प्राण प्रतिष्ठा की पहली वर्षगांठ पर होगा तीन दिवसीय महोत्सव

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ram Lala Pran Pratishtha: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा की पहली सालगिरह पर आयोजित महोत्सव का उद्घाटन करेंगे। 22 जनवरी 2024 को श्री राम लला की प्राण प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी। अब एक साल पूरे होने पर अयोध्या में तीन दिवसीय महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान वीवीआईपी दर्शनों पर रोक होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि हम चाकर रघुवीर के...। मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, 11 से 13 जनवरी तक होने वाले इस समारोह का उद्देश्य आम लोगों को शामिल करना है, जो पिछले साल ऐतिहासिक समारोह में शामिल नहीं हो पाए थे। साथ ही, करीब 110 आमंत्रित वीआईपी भी इसमें शामिल होंगे। हालांकि तीन दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में वीवीआईपी पास निरस्त रहेंगे। इसके अलावा दर्शन करने का समय भी बढ़ा दिया गया है। यह समारोह राम जन्मभूमि परिसर के भीतर विभिन्न स्थानों पर होगा। तीन दिवसीय कार्यक्रम में लोकगायिका मालिनी अवस्थी जैसे प्रसिद्ध कलाकार प्रस्तुति देंगे। पार्श्व गायिका अनुराधा पौडवाल, कवि कुमार विश्वास सहित अन्य लोग भी शामिल होंगे। मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, तीन दिवसीय समारोह के दौरान कई धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ रामलीला भी होगी।

कुमार विश्वास भी समारोह में होंगे शामिल

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को कुबेर टीला पर भक्तों को संबोधित करेंगे, जिसके बाद संगीत और भक्ति कार्यक्रमों की एक श्रृंखला होगी। विभिन्न राज्यों के संगीत समूह 11 से 13 जनवरी तक अयोध्या के विभिन्न चौराहों पर कीर्तन भी करेंगे। पिछले अभिषेक समारोह में शामिल नहीं हो पाने वाले देश भर के संतों को वर्षगांठ समारोह में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा ऐसे लगभग 70 संतों की सूची तैयार की जा रही है। कुमार विश्वास और मालिनी अवस्थी शनिवार को मंदिर परिसर के भीतर अंगद टीला में प्रस्तुति देंगे, जबकि अनुराधा पौडवाल और कविता पौडवाल रविवार को प्रस्तुति देंगी। जगद्गुरु रामानुजाचार्य और स्वामी ज्ञानानंद तीन दिनों तक राम कथा सुनाएंगे। इसके अलावा, लखनऊ की सपना गोयल 250 महिलाओं के साथ कार्यक्रम के दौरान सुंदरकांड का पाठ करेंगी।

मंदिर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, राजस्थान के संत और अयोध्या के 100 से अधिक स्थानीय संत वर्षगांठ समारोह में भाग लेंगे। दिसंबर में, राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने कहा कि राम मंदिर परिसर का निर्माण तेजी से चल रहा है और उम्मीद है कि 2025 के पहले छह महीनों के भीतर इसे पूरा कर लिया जाएगा।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!