देश

तेजस्वी सूर्या के खिलाफ कर्नाटक में FIR, सोशल मीडिया पर किसान की आत्महत्या की झूठी खबर फैलाने का आरोप

समाचार पोर्टलों के लेख को शेयर करते हुए बेंगलुरु दक्षिण सांसद ने 7 नवंबर को आरोप लगाया था कि हावेरी जिले में एक किसान ने तब आत्महत्या कर ली, जब उसे पता चला कि उसकी जमीन वक्फ बोर्ड ने ले ली है।

Image

तेजस्वी सूर्या

FIR Against Tejasvi Surya: भारतीय जनता पार्टी सांसद तेजस्वी सूर्या के खिलाफ कर्नाटक के हावेरी में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर किसान की आत्महत्या की झूठी खबर फैलाने के आरोप में उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ है। पुलिस ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या और कुछ कन्नड़ समाचार पोर्टलों के संपादकों पर एक किसान की आत्महत्या को वक्फ बोर्ड के साथ भूमि विवाद से जोड़ने वाली फर्जी खबरें फैलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है।

किसान की आत्महत्या की खबर पोस्ट की

एक्स पर समाचार पोर्टलों के लेख को शेयर करते हुए बेंगलुरु दक्षिण सांसद ने 7 नवंबर को आरोप लगाया था कि हावेरी जिले में एक किसान ने तब आत्महत्या कर ली, जब उसे पता चला कि उसकी जमीन वक्फ बोर्ड ने ले ली है। सूर्या ने आरोप लगाया कि अल्पसंख्यकों को खुश करने की जल्दबाजी में, सीएम सिद्धारमैया, जमीरअहमद ने कर्नाटक में विनाशकारी असर डाला है, जिसे हर गुजरते दिन के साथ नियंत्रित करना असंभव होता जा रहा है।

पुलिस ने खबर को फर्जी बताया

बाद में हावेरी जिले के पुलिस अधीक्षक द्वारा समाचार लेख को फर्जी बताए जाने के बाद सांसद ने पोस्ट को हटा दिया। एसपी ने कहा, शेयर की गई खबर झूठी है। ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है। यहां बताई गई किसान रुद्रप्पा चन्नप्पा बालिकाई की आत्महत्या की सूचना 06/01/2022 को दी गई थी और कारण कर्ज और फसल के नुकसान को बताया गया था।

पुलिस ने कहा कि अदार पुलिस स्टेशन में 174 सीआरपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया था और अंतिम रिपोर्ट पहले ही जमा कर दी गई थी। हावेरी जिला पुलिस के सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल में तैनात एक पुलिस अधिकारी की शिकायत के आधार पर, तेजस्वी सूर्या, कन्नड़ दुनिया ई-पेपर और कन्नड़ समाचार ई-पेपर के संपादकों के खिलाफ धारा 353 (2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी हावेरी जिले के सीईएन (साइबर अपराध, आर्थिक अपराध, नारकोटिक्स) पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article