देश

पिनारई विजयन के घर के बाहर ED अधिकारियों पर हमले के मामले ने पकड़ा तूल; इन धाराओं में FIR दर्ज

केरल के पूर्व सीएम पिनराई विजयन के आवास पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) की जांच के बाद कथित हमले का मामला सामने आया है। म्यूजियम पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज किया है।

Image

पिनराई विजयन के आवास के बाहर ईडी अधिकारियों पर हमला।

केरल के पूर्व सीएम पिनराई विजयन के आवास पर छापा मारने गई प्रवर्तन निदेशालय की टीम पर हमले के मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। केंद्रीय जांच एजेंसी ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है।

यह शिकायत कोच्चि स्थित ईडी कार्यालय के सहायक निदेशक वी.सनथ रेड्डी की शिकायत पर दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान से संबंधित पीडीपीपी एक्ट की धारा 3(1) के तहत भी मामला दर्ज किया है।

कब और क्यों हुआ हमला

ये हिंसा तब भड़की जब बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारी छापेमारी की कार्रवाई पूरी कर परिसर से बाहर निकल रहे थे। कथित तौर पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ता विजयन के किराए के आवास के बाहर एकत्र हुए और छापेमारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने ईडी के अधिकारियों को ले जा रहे वाहन का रास्ता रोक दिया और उस पर पथराव किया।घटना में ईडी की गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा।

पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा कर्मियों को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना के दौरान जिस वाहन को निशाना बनाया गया उसमें महिला अधिकारी भी सवार थीं। घटना में वाहन का शीशा टूट गया।

ड्राइवर ने बयां की भयावह दास्तां

ईडी अधिकारियों की गाड़ी चला रहे चालक लालू ने घटना की भयावहता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस तरह की घटना की बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि अगर पहले अंदेशा होता तो वह वाहन को वहां से हटा सकते थे। लालू ने बताया कि गाड़ी को करीब तीन से पांच लाख रुपये तक का नुकसान हुआ है। हालांकि, इस घटना में उन्हें कोई शारीरिक चोट नहीं आई।

कोचिन मिनरल्स एंड रूटिल लिमिटेड से जुड़े मामले में कार्रवाई

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापे की यह कार्रवाई कोचिन मिनरल्स एंड रूटिल लिमिटेड (CMRL)से जुड़े मामले की है। इस कंपनी का विजयन की बेटी वीना विजयन की फर्म एक्सालॉजिक सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड से वित्तीय लेन-देन रखने का आरोप है। रिपोर्ट के मुताबिक ईडी ने करीब 10 जगहों पर रेड की है।

वीना के खिलाफ चार्जशीट दाखिल है

पिछले अप्रैल में SFIO ने वीना के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। आरोप है कि उनकी आईटी कंपनी को कोच्चि स्थित CMRL) से 'अवैध भुगतान' प्राप्त हुए। आरोपों के अनुसार, 2018-19 से लेकर अगले तीन वर्षों तक यह भुगतान किया गया, जबकि बदले में कोई सेवा प्रदान नहीं की गई। बताया गया है कि एक्सालॉजिक ने 2017 में CMRL के साथ सॉफ्टवेयर और मार्केटिंग सेवाएं देने के लिए एक अनुबंध किया था।

केंद्र सरकार ने SFIO जांच के आदेश दिए

2019 में आयकर विभाग ने CMRL के परिसरों पर छापेमारी की थी और बाद में अपनी रिपोर्ट सौंपी थी। जनवरी 2024 में केंद्र सरकार ने वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों की जांच के लिए SFIO जांच के आदेश दिए थे। CMRL में KSIDC की 13.4 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। इसके बाद पिछले मार्च में ED ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया था।

1.72 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया

अधिकारियों ने बताया कि धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के प्रावधानों के तहत राज्य में कुल 10 परिसरों पर तलाशी ली जा रही है, जिनमें राजधानी तिरुवनंतपुरम स्थित विजयन का किराए का मकान भी शामिल है। आरोप है कि निजी कंपनी कोचीन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड ने 2018 से 2019 के बीच विजयन की बेटी टी. वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को 1.72 करोड़ रुपये का अवैध भुगतान किया जबकि इस आईटी कंपनी ने सीएमआरएल को कोई सेवा प्रदान नहीं की थी।

2024 में पीएमएलए के तहत मामला दर्ज

केरल उच्च न्यायालय ने मंगलवार को सीएमआरएल द्वारा दायर उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें मामले में ईडी की कार्रवाई रद्द करने का अनुरोध किया गया था। ईडी ने इन आरोपों की जांच के लिए 2024 में पीएमएलए के तहत मामला दर्ज किया था।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!