FIR Against Mayor Kuldeep Kumar: चंड़ीगढ़ मेयर चुनाव से ठीक पहले चंड़ीगढ़ के मेयर कुलदीप कुमार और उनके साले राहुल के खिलाफ चंड़ीगढ़ पुलिस की तरफ से एफआईआर दर्ज की गई है। मेयर के साले राहुल का एक ऑडियो भी वायरल हुआ था जिसमे एक युवक नौकरी के लिए 75 हजार रुपये देने की बात कर रहा है। इस मामले में शिकायत मिलने के बाद चंड़ीगढ़ पुलिस की तरफ से एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं एफआईआर के खिलाफ मेयर कुलदीप हाइकोर्ट का रुख कर सकते हैं।
आज सुबह चंड़ीगढ़ मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर को लेकर वोटिग होगी। खरीद-फरोख्त के डर से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस की तरफ से अपने पार्षदों को पंजाब में अलग - अलग जगह भेजा गया है।
इससे पहले चंडीगढ़ के वार्ड नंबर 27 से कांग्रेस पार्षद गुरबख्श रावत बीजेपी में शामिल हो गई थीं। रावत के पाला बदलने से 35 सदस्यीय चंडीगढ़ नगर निगम में भाजपा सदस्यों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। कांग्रेस पार्षदों की संख्या घटकर अब छह रह गई है, जबकि उसकी सहयोगी आम आदमी पार्टी (आप) के 13 पार्षद हैं।
इसके अलावा, चंडीगढ़ के सांसद को भी नगर निगम के पदेन सदस्य के तौर पर मतदान करने का अधिकार प्राप्त है। मौजूदा सांसद कांग्रेस के मनीष तिवारी हैं। आप और कांग्रेस, गठबंधन के तहत मेयर पद का चुनाव लड़ रहे हैं। आप के कुलदीप कुमार धलोर चंडीगढ़ के मौजूदा मेयर हैं।
