देश

संजय राउत के खिलाफ FIR, लाडली बहना योजना के खिलाफ गलत सूचना फैलाने का आरोप

मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार महिलाओं की आर्थिक स्थित सुधारने के उद्देश्य से लाड़ली बहना योजना चला रही है। इसके तहत पात्र महिला को हर महीने 1250 रुपये दिए जाते हैं।

Image

संजय राउत पर एफआईआर

Photo : PTI

FIR Against Sanjay Raut: मध्य प्रदेश में चलाई जा रही लाडली बहना योजना पर दिए बयान को लेकर शिवसेना (उद्धव गुट) के नेता संजय रावत मुश्किल में घिर गए हैं। उनके खिलाफ बुधवार को भोपाल क्राइम ब्रांच में एफआईआर दर्ज की गई है। भाजपा महिला मोर्चा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज हुई है। संजय राउत ने पिछले दिनों मुंबई में बयान दिया था कि मध्य प्रदेश में लाडली बहन योजना बंद हो रही है। इसे लेकर भोपाल में भाजपा महिला मोर्चा नेताओं ने क्राइम ब्रांच में शिकायत की थी। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी संजय राउत के बयान को महाराष्ट्र के वोटरों को बरगलाने वाला बताया था।

राउत के खिलाफ मामला दर्ज

राउत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 353 (2) (गलत सूचना वाले बयान प्रसारित करना) और 356 (2) (मानहानि) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ताओं ने राउत पर जान-बूझकर गुमराह करने वाली सूचना देने का आरोप लगाया कि उन्होंने यह बयान दिया है कि लाडली बहन योजना बंद कर दी गई है। प्राथमिकी में कहा गया कि इस बयान का उद्देश्य मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव की छवि खराब करना था।

लाड़ली बहना योजना में क्या-क्या फायदे

मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार महिलाओं की आर्थिक स्थित सुधारने के उद्देश्य से लाड़ली बहना योजना चला रही है। इसके तहत पात्र महिला को हर महीने 1250 रुपये दिए जाते हैं। लाड़ली बहना योजना की तर्ज पर महाराष्ट्र में भी भाजपा-शिवसेना (शिंदे गुट) सरकार ने माझी लाडकी बहिण योजना लांच की है। इस योजना में महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये दिए जा रहे हैं। इसे लेकर महाराष्ट्र में सियासी नूराकुश्ती तेज है और इसी बीच राउत ने दावा कर दिया कि मध्य प्रदेश में यह योजना बंद कर दी गई है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article