देश

'बच्चों, अब खुश हो?' FIFA World Cup Final के लिए केरल में सोमवार को स्कूलों की छुट्टी

फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर फुटबॉल प्रेमियों के उत्साह के बीच केरल सरकार ने सोमवार (20 जुलाई) को राज्य के सभी सरकारी और सामान्य शिक्षा विभाग के अधीन स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है। यह फैसला छात्रों की मांग पर लिया गया, ताकि वे रविवार देर रात होने वाला अर्जेंटीना और स्पेन के बीच फाइनल मुकाबला बिना किसी चिंता के देख सकें।

Image

' केरल सरकार ने सोमवार को स्कूलों में छुट्टी का किया ऐलान। PTI

Photo : PTI

FIFA World Cup Final: केरल के सामान्य शिक्षा विभाग ने फीफा विश्व कप फाइनल के कारण सोमवार को राज्य के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि यह निर्णय उन छात्रों के अनुरोध पर विचार करने के बाद लिया गया, जो फुटबॉल के प्रशंसक हैं और रविवार रात होने वाला विश्व कप फाइनल देखना चाहते हैं। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, यह अवकाश सामान्य शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों पर लागू होगा।

शिक्षा मंत्री एन. शमसुद्दीन ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से अवकाश की घोषणा की। मंत्री ने लिखा, ’’बच्चों अब खुश हो?’’ उन्होंने कहा, ’’ फुटबॉल प्रेमी छात्रों के अनुरोध को ध्यान में रखते हुए केरल सामान्य शिक्षा विभाग ने फीफा विश्व कप फाइनल के मद्देनजर सोमवार (20 जुलाई) को विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। यह फाइनल आज आधी रात के बाद खेला जाएगा।’’

देर रात शुरू होने वाला फाइनल मुकाबला सोमवार सुबह तक चल सकता है

इससे पहले, माकपा नेता और केरल के पूर्व शिक्षा मंत्री वी. शिवनकुट्टी ने राज्य सरकार से रविवार देर रात अर्जेंटीना और स्पेन के बीच फीफा विश्व कप फाइनल को ध्यान में रखते हुए सोमवार को सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित करने का आग्रह किया था। शिवनकुट्टी ने कहा कि देर रात शुरू होने वाला फाइनल मुकाबला सोमवार सुबह तक चल सकता है, जिससे छात्रों के लिए समय पर स्कूल पहुंचना मुश्किल हो सकता है।

उन्होंने यह भी सुझाव दिया था कि छुट्टी के कारण पठन-पाठन को होने वाले नुकसान की भरपाई किसी ऐसे शनिवार को कक्षाएं आयोजित कर की जा सकती है, जब सामान्य रूप से अवकाश होता है।

कई यूडीएफ नेताओं ने भी इसी तरह सोमवार को अवकाश घोषित करने की मांग की थी।

सामान्य शिक्षा मंत्री एन. शमसुद्दीन, उच्च शिक्षा मंत्री रोजी एम. जॉन और खेल मंत्री ओ. जे. जनीश भी फुटबॉल के प्रति अपनी रुचि के लिए जाने जाते हैं और फीफा विश्व कप के दौरान अपनी पसंदीदा टीमों के समर्थन में सोशल मीडिया पर नियमित रूप से पोस्ट करते रहे हैं।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article