Kuno National Park: दक्षिण अफ्रीका से मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क लाई गई मादा चीता गामिनी ने 5 शावकों को जन्म दिया है। ये जानकारी केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर साझा की है। मादा चीता और उसके शावकों की तस्वीरें साझा करते हुए यादव ने लिखा कि 'गामिनी की विरासत आगे बढ़ी, उसके प्यारे शावकों का परिचय।'
कूनो नेशनल पार्क से आई बड़ी खुशखबरी
भूपेंद्र यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, 'दक्षिण अफ्रीका के त्वालु कालाहारी रिजर्व से लाई गई मादा चीता गामिनी, जिसकी उम्र लगभग 5 वर्ष है, उसने आज 5 शावकों को जन्म दिया है। इससे भारत में जन्मे शावकों की संख्या 13 हो गई है। यह भारतीय धरती पर चौथा चीता वंश है और दक्षिण अफ्रीका से लाया गया चीता का पहला वंश है।'
वन मंत्री ने कहा आगे लिखा कि 'सभी को बधाई, विशेषकर वन अधिकारियों, पशुचिकित्सकों और फील्ड स्टाफ की टीम को, जिन्होंने चीतों के लिए तनाव मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया है, जिससे सफल संभोग और शावकों का जन्म हुआ है। कूनो राष्ट्रीय उद्यान में शावकों सहित चीतों की कुल संख्या 26 है। गामिनी की विरासत आगे बढ़ी: उसके प्यारे शावकों का परिचय!'
कूनो नेशनल पार्क में कुल चीतों की संख्या 26 हुई
बता दें, दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया से मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में दो चरणों में कुल 20 चीते लाए गए थे, जिनमें से सात की मौत हो चुकी है। कूनो में शावकों की संख्या अब 13 हो गई है, जो कि 17 सितंबर 2022 को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किए गए चीता प्रोजेक्ट के लिए बड़ी उपलब्धि है। कूनो में अब कुल 26 चीते हो गए हैं, यहां में वर्तमान में 13 वयस्क और 13 शावक मौजूद हैं।
