देश

Farmers Protest: सरकार से बातचीत होने तक 'दिल्ली कूच' रहेगा स्थगित, लेकिन सीमाओं पर डटे रहेंगे प्रदर्शनकारी

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Feb 16, 2024, 10:25 AM IST

किसान संघों और केंद्रीय मंत्रियों के बीच तीसरे दौर की वार्ता गुरुवार देर रात बेनतीजा रही और अब दोनों पक्षों के बीच अगली दौर की बैठक रविवार को होगी।

Image

किसानों का प्रदर्शन जारी

Photo : PTI

Farmers Protest: अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरे किसान नई दिल्ली तक प्रस्तावित विरोध मार्च को तब तक के लिए स्थगित करने को राजी हैं जब तक कि यूनियनें रविवार को सरकार के मंत्रियों के साथ दूसरे दौर की बातचीत नहीं कर लेतीं। कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के साथ किसानों के प्रतिनिधियों से गुरुवार को हुई मुलाकात के बीच ये जानकारी आई है। अर्जुन मुंडा ने कहा कि बातचीत सकारात्मक रही।

दल्लेवाल ने कहा, विरोध शांतिपूर्वक जारी रहेगा

किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल ने कहा कि किसान अपना मार्च फिलहाल स्थगित रखेंगे। उन्होंने कहा, जब बैठकें शुरू हो गई हैं, अगर हम आगे (दिल्ली की ओर) बढ़ेंगे, तो बैठकें कैसे होंगी? दल्लेवाल ने कहा कि विरोध शांतिपूर्वक जारी रहेगा। बता दें कि विभिन्न यूनियनों और किसान संगठनों ने आज भारत बंद का ऐलान किया है। खास तौर पर ग्रामीण इलाकों में बंद का ऐलान किया गया है और इस दौरान कामकाज ठप रहने की बात कही गई है। बंद का पंजाब सहित कुछ इलाकों में असर दिख रहा है।

गुरुवार की बैठक रही बेनतीजा

किसान संघों और केंद्रीय मंत्रियों के बीच तीसरे दौर की वार्ता गुरुवार देर रात बेनतीजा रही और अब दोनों पक्षों के बीच अगली दौर की बैठक रविवार को होगी। इसबीच किसानों ने पंजाब और हरियाणा की सीमाओं पर डटे रहने का निर्णय किया है। किसान नेताओं और तीन केंद्रीय मंत्रियों के बीच गुरुवार रात करीब 8:45 बजे बैठक शुरू हुई और पांच घंटे तक जारी रही लेकिन इसमें दोनों पक्षों के बीच कोई सहमति नहीं बनी। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि सरकार और किसान नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में बैठक हुई और सकारात्मक चर्चा हुई।

रविवार को शाम 6 बजे बैठक

उन्होंने कहा कि अब बैठक रविवार शाम छह बजे होगी। मुंडा ने कहा कि हम साथ बैठ कर कोई हल निकाल लेंगे। मुंडा, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय फसलों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी सहित किसान संघों की विभिन्न मांगों पर जारी बातचीत में केंद्र सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान में गुरुवार को आयोजित बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी शामिल हुए।

पंधेर ने कहा, सीमाओं पर डटे रहेंगे किसान

संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा ने ही अपनी मांगों को लेकर केंद्र पर दबाव बनाने के वास्ते ‘दिल्ली चलो’ का आह्वान किया है। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि एमएसपी के लिए कानूनी गारंटी और कर्ज माफी सहित उनकी मांगों पर विस्तृत चर्चा हुई। पंधेर ने कहा, उकेंद्रीय मंत्रियों ने कहा कि उन्हें समय चाहिए। क्या किसान पंजाब-हरियाणा सीमाओं पर डटे रहेंगे, इस सवाल पर पंधेर ने कहा, हां।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें