Kisan Andolan: एमएसपी समेत कई मुद्दों पर अपनी मांगों को मनवाने के लिए किसानों ने अपना आंदोलन फिर से शुरू कर दिया है। किसान हरियाणा-पंजाब बॉर्डर पर डटे हैं और प्रशासन की ओर से लगाए गए अवरोधक को हटाने के लिए बुलडोजर खड़े कर दिए हैं। वहीं दिल्ली में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
दिल्ली मार्च के लिए किसान तैयार
ये भी पढ़ें- Kisan Andolan: 117 सोशल माडिया और वेब लिंक को सरकार ने किया अस्थायी रूप से बंद, किसान आंदोलन बना कारण!
13 फरवरी से किसानों ने शुरू किया था आंदोलन
फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानूनी गारंटी को लेकर केंद्र के साथ चार दौर की वार्ता विफल होने के बाद, प्रदर्शनकारी किसान पंजाब-हरियाणा सीमा पर दो स्थानों से बुधवार को फिर से अपना मार्च शुरू करने के लिए तैयार हैं। हजारों किसानों ने 13 फरवरी को दिल्ली की ओर मार्च शुरू किया था। इन किसानों को हरियाणा सीमा पर ही रोक दिया गया था, जहां उनकी सुरक्षाकर्मियों से झड़प हुई थी। किसान तब से हरियाणा के साथ लगती पंजाब की सीमा पर शंभू और खनौरी बॉर्डर पर डेरा डाले हुए हैं।
बुलडोजर जब्त करने की मांग
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) शत्रुजीत कपूर ने पंजाब के अपने समकक्ष गौरव यादव को एक पत्र लिखकर पंजाब पुलिस से उन बुलडोजर और मिट्टी खोदने वाले उन उपकरणों को जब्त करने को कहा, जिन्हें किसान अवरोधकों को नुकसान पहुंचाने के लिए लाए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे उपकरण सुरक्षा बलों के लिए खतरा पैदा कर सकते हैं और प्रदर्शनकारी किसानों को ऐसे उपकरण उपलब्ध कराने पर इनके मालिकों को सख्त चेतावनी दी जानी चाहिए क्योंकि यह एक आपराधिक कृत्य होगा।
कई जिलों में इटंरनेट पर बैन
हरियाणा सरकार ने किसानों के दिल्ली चलो आंदोलन के मद्देनजर सात जिलों में मोबाइल इंटरनेट और एक साथ बड़ी संख्या में एसएमएस भेजने की सेवाओं पर प्रतिबंध बुधवार तक बढ़ा दिया। इससे अम्बाला, कुरूक्षेत्र, कैथल, जिंद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जिले प्रभावित हुए हैं। सरकार ने इससे पहले, 13, 15 और 17 फरवरी को मोबाइल इंटरनेट सेवाओं के निलंबन की अवधि को बढ़ाया था।
दिल्ली में सुरक्षा सख्त
किसान राष्ट्रीय राजधानी से अब भी 200 किलोमीटर से अधिक दूरी पर हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को यह सुनिश्चित करने के लिए अभ्यास किया कि राष्ट्रीय राजधानी में उन्हें प्रवेश करने से रोकने के लिए लगाये गए अवरोधकों को पार नहीं किया जा सके। दिल्ली की सीमाओं पर सुरक्षा सख्त कर दी गई है।
