सरकार ने कहा है कि NBEMS ने धोखाधड़ी करने वालों और उनके साथियों के खिलाफ़ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जो पैसे लेकर NEET-PG 2024 के प्रश्न उपलब्ध कराने के नाम पर NEET-PG उम्मीदवारों को बेवकूफ़ बनाने की कोशिश कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने ऐसी भ्रामक खबरों से बचने की अपील की है।
अभी तक तैयार नहीं किए गए हैं पेपर
मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि सभी उम्मीदवारों को आश्वस्त किया जाता है कि NEET-PG 2024 के प्रश्नपत्र अभी तक NBEMS द्वारा तैयार नहीं किए गए हैं और सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म पर किए गए संभावित पेपर लीक के दावे झूठे हैं। आवेदकों को सलाह दी जाती है कि वे ऐसे बेईमान तत्वों के बहकावे में न आएं और ऐसे एजेंटों द्वारा संपर्क किए जाने पर तुरंत NBEMS या स्थानीय पुलिस को रिपोर्ट करें।
नीट में पाठ्यक्रम से बाहर के प्रश्न पूछने वाली याचिका खारिज
दिल्ली उच्च न्यायालय ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट में ‘पाठ्यक्रम से बाहर’ का प्रश्न पूछे जाने का आरोप लगाने वाले एक अभ्यर्थी की याचिका को खारिज कर दिया है। अदालत ने कहा कि वह विशेषज्ञों के ज्ञान पर संदेह नहीं कर सकती और उसके स्थान पर अपनी राय नहीं रख सकती। उच्च न्यायालय ने कहा कि अदालतें विषय विशेषज्ञ नहीं हैं और उन्हें केवल विषय पर कानून और विशेष मामले के तथ्यों एवं परिस्थितियों में इसके आवेदन के आधार पर ही निर्णय लेना चाहिए।
